आउटेज के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने घोषित किया 'कोड रेड': मेमो में खुली प्रतिक्रिया की नाकामी, जानें क्या हुआ था?
- माइक्रोसॉफ्ट ने 12-13 नवंबर के बड़े आउटेज के बाद आंतरिक 'कोड रेड' घोषित किया है।
- आउटेज से आउटलुक, टीम्स, एक्सचेंज ऑनलाइन और कोपायलट प्रभावित हुए
- कंपनी के मुताबिक यह साइबर हमला नहीं था।
- रिपोर्टों के मुताबिक इंजीनियरों ने 11 टीम्स चैट में 11,000 से ज्यादा संदेश भेजे, फिर भी तालमेल मुश्किल रहा।

विस्तार
ईमेल खुल नहीं रहा, टीम्स मीटिंग अटकी है और कोपायलट भी जवाब नहीं दे रहा, ऐसा नजारा इस महीने कई देशों में दिखा। 12 नवंबर को शुरू हुआ माइक्रोसॉफ्ट का आउटेज अगले दिन तक खिंचा और कारोबार, सरकारी एजेंसियां और आम यूजर, सब इसकी चपेट में आए। अब रिपोर्टों के मुताबिक कंपनी ने अंदर ही अंदर 'कोड रेड' घोषित कर दिया है। अंतरिक मेमो बताते हैं कि मामला सिर्फ तकनीकी गड़बड़ी का नहीं था, इंजीनियरों को आपसी तालमेल में भी जूझना पड़ा।
आउटेज में क्या-क्या ठप हुआ?
12 से 13 नवंबर के बीच माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सेवाएं प्रभावित रहीं, जिनमें आउटलुक, टीम्स, एक्सचेंज ऑनलाइन और कोपायलट शामिल हैं। कई देशों के लोगों को काम से जुड़ी जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में दिक्कत आई, और कारोबार के साथ सरकारी संस्थाएं भी असर में रहीं। कंपनी ने माना कि एक्सचेंज ऑनलाइन पर अब तक का यह सबसे व्यापक असर था। सीईओ सत्य नडेला ने आउटेज के लिए माफी भी मांगी। कंपनी ने साफ किया कि इसके पीछे साइबर हमला या एआई एजेंट नहीं थे।
गड़बड़ी की जड़ कहां थी?
माइक्रोसॉफ्ट ने आउटेज की वजह अपने नेटवर्किंग गेटवे इंफ्रास्ट्रक्चर में आई तकनीकी दिक्कत को बताया। आसान भाषा में यह वह व्यवस्था है, जो यूजर को माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं से जोड़ती है और आउटलुक व टीम्स जैसे एप के अनुरोध संभालती है। गड़बड़ी जुलाई में लाए गए एक सॉफ्टवेयर बदलाव से जुड़ी थी। वह तब गंभीर हुई, जब उस पर कई और स्थितियों का दबाव एक साथ आ गया। रिपोर्ट में इसे विंडोज की एक आंतरिक प्रक्रिया की खामी बताया गया है, जिसने कुछ खास हालात में सर्वर के संसाधन खत्म कर दिए।
तीन चीजें जो एक साथ बिगड़ीं
- सॉफ्टवेयर की खामी:विंडोज की एक आंतरिक प्रक्रिया में आई समस्या से कुछ हालात में सर्वर के संसाधन खत्म हो गए।
- ट्रैफिक में अचानक उछाल:टीम्स के ट्रैफिक फेलओवर से उस गेटवे सिस्टम पर अतिरिक्त अनुरोध पहुंचे, जो एक्सचेंज ऑनलाइन को भी संभालता है।
- घटी हुई क्षमता:एक अलग समस्या की वजह से संबंधित गेटवे सर्वर की करीब 14 फीसदी क्षमता उपलब्ध नहीं थी।
- कंपनी का कहना है कि आउटेज साइबर हमले या एआई एजेंट की वजह से नहीं हुआ। यानी किसी एक चीज से नहीं, इन तीनों दबावों के एक साथ आने से मामला इतना बड़ा हुआ। फिलहाल सामने आई जानकारी में यह नहीं बताया गया कि जुलाई के बदलाव की खामी पहले क्यों नहीं पकड़ी जा सकी।
इंजीनियरों के बीच तालमेल की दिक्कत
रिपोर्टों के मुताबिक आंतरिक मेमो से पता चलता है कि इंजीनियरों ने समस्या पहचानने और सुलझाने के दौरान 11 अलग-अलग टीम्स चैट में 11000 से ज्यादा संदेश भेजे। इतनी बातचीत एक साथ चलने से तकनीकी अपडेट और फैसलों का हिसाब रखना मुश्किल हो गया। जानकारी कई आंतरिक सिस्टमों में बिखरी थी, इसलिए टीमों को पूरी तस्वीर नहीं मिल पा रही थी। इससे एक बड़ी बात निकलती है कि इंजीनियर समाधान जानते हों, तब भी खराब तालमेल और बिखरी जानकारी प्रतिक्रिया को धीमा कर सकती है। कंपनी अब समस्या पहचानने, जानकारी पहुंचाने और सेवाएं बहाल करने के अपने तरीकों की समीक्षा कर रही है।
'कोड रेड' का मतलब और आगे की तैयारी
माइक्रोसॉफ्ट 365 कोर के प्रेसिडेंट जेसन हेंडरसन ने रिपोर्टों के मुताबिक अपने मेमो में कहा कि भरोसेमंदी बढ़ाना कर्मचारियों की मुख्य प्राथमिकता होनी चाहिए। कंपनी जांच रही है कि उसकी सेवाएं कितनी अच्छी तरह स्केल होती हैं, काम अलग-अलग इलाकों में कैसे बंटता है और दिक्कत आने पर सेवाएं कितनी जल्दी बहाल हो सकती हैं। बड़े वैश्विक आउटेज की बहाली का लक्ष्य एक घंटा रखा गया है, पर 60 मिनट की गारंटी नहीं दी जा सकती। मेमो के मुताबिक एक अहम सॉफ्टवेयर अपडेट दुनिया भर में पहुंचाने में पांच से छह दिन लगे थे, जिसे घटाने की तैयारी है। एआई एजेंट भी आजमाए जाएंगे, पर कर्मचारियों की जगह लेने के लिए नहीं।