आधार पे की हुई शुरुआत, बिना सर्विस चार्ज दिए सिर्फ अंगूठे से होगा पेमेंट

amarujala.com- Presented by: प्रदीप पाण्डेय
Wed, 08 Mar 2017 05:32 PM IST
idfc bank started aadhaar pay service
आधार पे

    जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा। अभी तक आप पेटीएम या उसी के जैसे कई ऐप का इस्तेमाल पेमेंट के लिए कर रहे थे, लेकिन अब आप सिर्फ अंगूठा दिखाकर बिना कोई सर्विस चार्ज दिए पेमेंट कर सकते हैं। इस पेमेंट के लिए मोबाइल या कार्ड की कोई भी कोई जरूरत नहीं है। इसकी शुरुआत भी आईडीएफसी बैंक ने कर दी है।

    दरअसल आईडीएफसी बैंक ने देश का पहला आधार पे लॉन्च किया है जिसके जरिए किसी भी बैंक के ग्राहक अपने बचत खाते से खरीदारी के लिए सिर्फ अंगूठा लगाकर भुगतान कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात ये है कि आपको किसी भी तरह का सर्विस चार्ज नहीं देना होगा।

    कैसे होगा भुगतान ?

    सबसे जरूरी बात यह है कि अंगूठा लगाकर भुगतान करने के लिए आपका आधार नंबर आपके बैंक खाते से जुड़ा होना चाहिए। साथ ही आपको अपना आधार नंबर याद होना चाहिए। दुकानदार के पास आईडीएफसी बैंक का एक ऐप होगा, साथ ही दुकानदार के मोबाइल फोन को बॉयमेट्रिक सेंसस से जोड़ा जाएगा। अब जब आप पेमेंट करेंगे तो आपको बॉयोमेट्रिक सेंसर पर अंगूठे का निशान देना होगा। उसके बाद आपके खाते से पैसा कट जाएगा और आपके फोन पर मैसेज आ जाएगा।

    आईडीएफसी में खाता होना जरूरी नहीं

    बैंक के ओर से जारी एक बयान के मुताबिक आधार पे के जरिए भुगतान करने के लिए ग्राहक आईडीएफसी बैंक में खाता होना जरूरी नहीं है, हालांकि व्यापारी या दुकानदार का खाता होना जरूरी है। बॉयोमेट्रिक सेंसर बैंक फ्री में व्यापारियों को देगा।