गूगल ने 8 नई भारतीय भाषाओं के लिए वॉयस सर्च का दिया सपोर्ट

प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल ने अपने वायस सर्च फीचर में बंगाली, मलयालम व तमिल सहित आठ और भारतीय भाषाओं को शामिल किया है। इन भाषाओं में अब सिर्फ शब्द बोलकर ही ऑनलाइन सामग्री सर्च की जा सकेगी। अब तक गूगल की यह वायस सर्च फीचर अंग्रेजी व हिंदी में ही उपलब्ध थी। कंपनी ने आज से इसमें गुजराती, कन्नड़, मराठी, तेलुगु व उर्दू सहित आठ नई भाषाओं को भी शामिल कर लिया है।
ये भी पढ़ें- रेडमी नोट 4 Vs लेनोवो K8 Note: कौन सा फोन हर मायने में है बेस्ट ?
गूगल के प्रौद्योगिकी कार्यक्रम प्रबंधक डान वान इश ने वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘आज से इन भाषाओं को बोलने वाले भी एंड्रायड पर जीबोर्ड तथा गूगल और ऐप के जरिए सर्च में अपने सवालों का जवाब केवल बोलकर पा सकेंगे। यानी उन्हें सर्च के लिए लिखना नहीं पड़ेगा।’
उन्होंने कहा कि वॉयस यानी आवाज आधारित सर्च फीचर के लिए यूजर्स को गूगल ऐप की वॉयस सेटिंग मीनू में अपनी भाषा तय करनी होगी। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अब हम 119 भाषाओं में वॉयस सर्च करने में सक्षम हैं। आज हम इस फीचर में 30 नई भाषाओं को जोड़ रहे हैं जिनमें से आठ भारतीय भाषाएं हैं।