ZOOOK Blade Review: स्टाइल के साथ परफॉर्मेंस की कॉकटेल
ZOOOK Blade इतना स्मूथ है कि आपको किसी तरह की कोई आवाज सुनने को नहीं मिलेगी। परफॉर्मेंस भी बेहतरीन है। इस्तेमाल के दौरान हमें एक बार भी माउस के अटकने या डिसकनेक्ट होने जैसी किसी शिकायत का सामना नहीं करना पड़ा।

विस्तार
फ्रांस की कंपनी ZOOOK ने पिछले महीने ही भारतीय बाजार में स्टाइलिश गेमिंग माउस ZOOOK Blade को लॉन्च किया है। ZOOOK Blade माउस देखने में काफी हद तक एपल माउस की तरह है। ZOOOK Blade में रबड़ स्क्रॉल व्हील है जिसे लेकर स्किन फ्रेंडली का भी दावा किया गया है। ZOOOK Blade गेमिंग माउस एलईडी बैकलाइट के साथ आता है। इसके अलावा यह अलग-अलग सात रंगों में उपलब्ध है। यदि किसी प्लेयर का गेमिंग के वक्त ध्यान भटक रहा है तो इसमें एलईडी लाइट को बंद करने की भी सुविधा है। ZOOOK Blade माउस को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है यह 999 रुपये वाला वायरलेस माउस?

ZOOOK Blade की स्पेसिफिकेशन
ZOOOK Blade एक री-चार्जेबल गेमिंग माउस है जिसमें 600mAh की लिथियम आयन बैटरी दी गई है। माउस की बैटरी को यूएसबी केबल के जरिए चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा माउस की एक और खासियत यह है कि इसमें मल्टी स्टेज एनर्जी सेविंग मोड है। इसमें ऑटो स्लीपिंग मोड भी है। 10 मिनट तक इस्तेमाल ना होने पर माउस स्लीपिंग मोड में चला जा सकता है। इस गेमिंग माउस में 2.4G वायरलेस टेक्नोलॉजी है। इसे इस्तेमाल करने के लिए किसी ड्राइवर की जरूरत नहीं है। इसमें तीन स्पीड 800/1200/1600 हैं। इसे विंडोज 7/8/10/XP, Vista 7/8, Mac और Linux पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

ZOOOK Blade की डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो जैसा कि हमने शुरुआत में ही बताया कि इसकी डिजाइन काफी हद तक एपल माउस जैसी है। इसकी बॉडी एबीएस प्लास्टिक की है और ऊपरी हिस्से (हाथ वाले हिस्से) पर सिलिकॉन की कोटिंग है जिससे ग्रिपिंग अच्छी बनती है। इस्तेमाल के दौरान माउस से सात कलर्स निकलते हैं, हालांकि वे तेजी से ब्लिंक नहीं करते, इसलिए ध्यान नहीं भटकता है। माउस में ऊपर की ओर भी एक एलईडी इंडिकेटर है और ऊपरी हिस्से में ही नीचे की ओर कंपनी का लोगो है और उसमें भी लाइट है। माउस डिजाइन के मामले में हैंडी और स्टाइलिश है। चार्जिंग के लिए इसमें फ्रंट में माइक्रो यूएसबी पोर्ट दिया गया है। इसमें बैटरी इनबिल्ट है। सिलिकॉन कोटिंग होने के कारण माउस के ऊपर उंगलियों के निशान आ जाते हैं।

ZOOOK Blade की परफॉर्मेंस
इस माउस की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें से आवाज बिलकुल भी नहीं आती है। ZOOOK Blade इतना स्मूथ है कि आपको किसी तरह की कोई आवाज सुनने को नहीं मिलेगी। परफॉर्मेंस भी बेहतरीन है। इस्तेमाल के दौरान हमें एक बार भी माउस के अटकने या डिसकनेक्ट होने जैसी किसी शिकायत का सामना नहीं करना पड़ा। डिजाइन से लेकर परफॉर्मेंस और लुक हर मामले में ZOOOK Blade खरा उतरता है। कनेक्टिविटी अच्छी है। तो कुल मिलाकर कहें तो 999 रुपये में ZOOOK Blade आपको निराश नहीं करेगा।
