Tecno Spark 7 First Look: 7000 रुपये से कम में एक स्टाइलिश फोन
Tecno Spark 7 एक एंट्री लेवल स्मार्टफोन है जिसमें 64 जीबी की स्टोरेज दी गई है। फोन में 6000mAh की बड़ी बैटरी भी है।

विस्तार
टेक्नो इंडिया ने हाल ही में अपने नए स्मार्टफोन Tecno Spark 7 को भारत में लॉन्च किया है। Tecno Spark 7 की बिक्री अमेजन इंडिया से हो रही है। Tecno Spark 7 एक एंट्री लेवल स्मार्टफोन है जिसमें 64 जीबी की स्टोरेज दी गई है। फोन में 6000mAh की बड़ी बैटरी भी है। इसके अलावा फोन में डुअल रियर कैमरा और सेल्फी के लिए डुअल फ्लैश लाइट दी गई है। Tecno Spark 7 के 2 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 7,499 रुपये है। वहीं 3 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 8,499 रुपये है, हालांकि लॉन्चिंग ऑफर के तहत फोन को क्रमशः 6,999 रुपये और 7,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। बता दें कि टेक्नो ने हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। आइए पहली देखते हैं पहली नजर में कैसा है यह स्मार्टफोन?

Tecno Spark 7 First Look: डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो Tecno Spark 7 के बैक पैनल पर टेक्चर है। बैक पैनल की फिनिशिंग शाइनिंग वाली है लेकिन उंगलियों के निशान नहीं आते हैं। बैक पैनल पर पांच पैटर्न हैं। रियर कैमरे का लुक प्रीमियम है। बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। इसके अलावा इसमें फेस अनलॉक भी है। पावर और वॉल्यूम बटन राइट में, जबकि सिम कार्ड ट्रे को लेफ्ट में ऊपर की ओर जगह मिली है। फोन में सिंगल स्पीकर है जो कि डिस्प्ले नॉच के ठीक ऊपर है। नीचे की ओर कोई स्पीकर नहीं है। फोन में नीचे की ओर 3.5एमएम का हेडफोन जैक और माइक्रो यूएसबी पोर्ट है। यह फोन मैग्नेट ब्लैक, मॉरफियस ब्लू और स्प्रूस ग्रीन कलर में मिलेगा। तो कुल मिलाकर अपने बजट में Tecno Spark 7 एक गुड लुकिंग स्मार्टफोन है।

Tecno Spark 7 First Look: डिस्प्ले
6.52 इंच की HD+ डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 720x1600 पिक्सल है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 480 निट्स है। डिस्प्ले की स्टाइल वॉटरड्रॉप नॉच है जिसमें फ्रंट कैमरा दिया गया है। डिस्प्ले पहले पहले से एक स्क्रीन प्रोटेक्टर है, हालांकि गोरिल्ला ग्लास प्रोटेक्शन के बारे में कंपनी ने जानकारी नहीं दी है। डिस्प्ले किनारे कर्व्ड हैं।

Tecno Spark 7 First Look: कैमरा
टेक्नो के इस फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया है जिसमें मेन लेंस 16 मेगापिक्सल का है और इसका अपर्चर f/1.8 है। वहीं दूसरा लेंस एआई लेंस है। रियर कैमरे के साथ क्वॉड एलईडी फ्लैश लाइट दी गई है। फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है जिसके साथ डुअल एलईडी फ्लैश लाइट भी है। अपनी रेंज में यह पहला फोन है जिसके फ्रंट में डुअल फ्लैश लाइट है। Tecno Spark 7 में टाइम लैप्स, वीडियो बोकेह, ब्यूटी, एआर शॉट्स और स्लो मोशन जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसमें मैक्रो मोड नहीं मिलेगा। कैमरे से आप फुल एचडी यानी 1080 पिक्सल पर वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं। कैमरे के साथ कई सारे स्टीकर्स भी मिलते हैं। कैमरे के साथ गूगल लेंस का भी सपोर्ट है।



Tecno Spark 7 First Look: परफॉर्मेंस
Tecno Spark 7 में एंड्रॉयड 11 (गो एडिशन) है। इसके अलावा फोन में 2 जीबी रैम और 64 जीबी की स्टोरेज है जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकेगा। फोन में HiOS 7.5 ऑपरेटिंग सिस्टम दिया गया है। Tecno Spark 7 का 2 जीबी रैम वाला वेरियंट मीडियाटेक हीलियो A20 प्रोसेसर के साथ और 3 जीबी रैम वाला वेरियंट मीडियाटेक हीलियो A25 प्रोसेसर के साथ आता है। फोन की स्टोरेज को मेमोरी कार्ड की मदद से 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।

Tecno Spark 7 First Look: बैटरी
फोन में कनेक्टिविटी के लिए 4G VoLTE, Wi-Fi, ब्लूटूथ v5.0, GPS/A-GPS, माइक्रो यूएसबी और 3.5mm का हेडफोन जैक है। फोन में रियर माउंटेड यानी पावर बटन में फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। इसमें 6000mAh की बैटरी है जिसे लेकर 40 घंटे के स्टैंडबाय का दावा किया गया है। फोन में ट्रिपल कार्ड स्लॉट है यानी एक बार में आप दो सिम के साथ एक मेमोरी कार्ड भी इस्तेमाल कर सकते हैं। फोन के साथ बॉक्स में वारंटी कार्ड, केबल, एडाप्टर और सिम कार्ड इजेक्टर मिलेगा। टेक्नो ने अपने इस फोन के साथ इस बार कवर नहीं दिया है।
