टेक्नो कैमन आई एस रिव्यू: छोटा पैकेट, बड़ा धमाल, फेस अनलॉक किसी महंगे स्मार्टफोन जितना स्मार्ट

टेक्नो इंडिया लगातार भारत में स्मार्टफोन लांच कर रही है। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि कंपनी को भारतीय मोबाइल बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अभी अगस्त में ही कंपनी ने टेक्नो कैमन आई एस और कैमन आई स्काई 2 को पेश किया था। इनमें से आई एस का 2 जीबी रैम व 16 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट हमें रिव्यू के लिए मिला था जिसे हमने 15 दिनों तक इस्तेमाल किया। तो आइए देखते हैं टेक्नो इंडिया अपने नए आई एस स्मार्टफोन के साथ आपको क्या दे रही है।

टेक्नो कैमन आई एस की कीमत और स्पेसिफिकेशन
टेक्नो कैमन आई एस में 5.5 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1280x720 पिक्सल है और आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। इसके अलावा फोन में कंपनी का HiOS दिया गया है जो कि एंड्रॉयड 8.1 पर आधारित है। फोन में 1.5GHz का क्वॉडकोर मीडियाटेक MT6739WW प्रोसेसर है। इसके अलावा इस फोन में आपको 2 जीबी रैम के साथ 16 जीबी की स्टोरेज मिलती है जिसे 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। कैमरे की बात करें तो इस फोन में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। दोनों कैमरे के साथ डुअल टोन एलडी फ्लैश लाइट मिलती है। इसके अलावा फोन के फ्रंट कैमरे में फेस अनलॉक भी दिया गया है। इसके अलावा फोन में 3050mAh की बैटरी है और कनेक्टिविटी के लिए 4जी वीओएलटीई, ब्लूटूथ, वाई-फाई और हेडफोन जैक जैसे फीचर्स हैं। यह फोन शैंपेन गोल्ड, मिडनाइट ब्लैक और मिडनाइट ब्लू कलर वेरियंट में मिलेगा। इस फोन की कीमत 6,799 रुपये है।

टेक्नो कैमन आई एस की बॉडी और डिजाइन
टेक्नो कैमन की डिजाइन की बात करें तो फोन को हाथ में लेने पर मेटल बॉडी का एहसास होता है जबकि फोन की बॉडी प्लास्टिक की है। रिव्यू के लिए हमें गोल्ड कलर वेरियंट मिला था जो देखने में वाकई बढ़िया है। फोन के दायीं ओर पावर और वॉल्यूम बटन दिए गए हैं। मुख्य स्पीकर फोन की पीछे नीचे की ओर दिया गया जो कि हाथ में फोन लेकर वीडियो देखने पर कभी-कभी ढंकने के कारण बंद हो जाता है। वीडियो देखने के दौरान इस बात का आपको ख्याल रखना होगा कि स्पीकर हाथ से ढंक ना जाए। माइक्रो यूएसबी पोर्ट और हेडफोन जैक ठीक नीचे दिए गए हैं। फोन के बैक कवर को निकाला जा सकता है। यानि सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड को लगाने के लिए बैक कवर को निकालना होगा। बैक पर बायीं और एक सिंगल कैमरा और उसके ठीक नीचे डुअल टोन फ्लैश लाइट मिलती है जो शानदार है। फ्रंट में भी एक स्पीकर है जो डुअल टोन फ्लैश लाइट और फ्रंट कैमरे के बीच में है। अब डिस्प्ले की बात करें तो रंगों का मिश्रण बढ़िया है और वीडियो देखने का अनुभव बढ़िया रहा। वीडियो देखने के दौरान वास्तविक कलर देखने को मिला। इस फोन पर आप एचडी वीडियो देख सकते हैं। डिस्प्ले का व्यू एंगल भी ठीक है यानि आप सामने ही नहीं, किनारे से भी वीडियो देखेंगे तो वास्तविक रंग ही नजर आएगा।

टेक्नो कैमन आई एस का कैमरा परफॉर्मेंस
टेक्नो इंडिया के कई स्मार्टफोन का हमने रिव्यू किया है तो कैमरे को लेकर हमें शिकायत नहीं रही है। कैमन आई एस के साथ भी ऐसा ही है। सिंगल लेंस होने के बावजूद फोटो बिना न्वायज की साफ आती है। फोटो को जूम करके एक-एक चीज को देखा जा सकता है। इस फोन में कंपनी ने फ्रंट कैमरे के साथ बोकेह इफेक्ट दिया है जिसकी मदद से आप बैकग्राउंड को धुंधला करके फोटो क्लिक कर सकता है, हालांकि इसके लिए पर्याप्त रौशनी का होना जरूरी है। कम रौशनी में बोकेह इफेक्ट बेहतर परिणाम नहीं दे पाता है। रियर कैमरे में बोकेह इफेक्ट आपको नहीं मिलेगा। रियर कैमरे का जूम लेवल अच्छा है। दोनों कैमरे की मदद से आप एचडी फोन होने के बावजूद फुल एचडी वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं, हालांकि वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान आप लेंस बदल नहीं सकते। उदाहरण के लिए यदि आप रियर कैमरे से रिकॉर्डिंग कर रहे हैं और चाहते हैं तो रिकॉर्डिंग के दौरान ही फ्रंट कैमरे से भी रिकॉर्डिंग करें तो ऐसा नहीं होगा। दोनों कैमरे की दी गई एलईडी लाइट का परफॉर्मेंस हमें बहुत पसंद आाया। रात में फ्लैश लाइट के साथ ली गई फोटो वाकई शानदार आती है। दोनों कैमरे के साथ आर्टफिशियल इंटेलिजेंस का सपोर्ट मिलता है जो फोटो क्लिक के दौरान कुछ खास तो नहीं लेकिन कलर करेक्शन और ब्राइटनेस लेवल को फिक्स करने में जरूर करता है।
नीचे दिए सभी फोटोज टेक्नो कैमन आई एस से क्लिक किए गए हैं


टेक्नो कैमन आई एस का ओवरऑल परफॉर्मेंस
रिव्यू के लिए हमने इस फोन को 15 दिनों तक इस्तेमाल किया। इस दौरान हमें टेक्नो कैमन आई एस में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आई। चार्जिंग, लंबी बातचीत और गेम खेलने के दौरान फोन के गर्म होने की शिकायत नहीं मिली। हमने डॉक्टर ड्राइविंग और टेंपल रन 3 जैसे गेम खेले लेकिन मीडियाटेक प्रोसेसर होने के बावजूद एक बार भी फोन के अटकने और गर्म होने की समस्या नहीं आई। कंपनी ने अपने अन्य स्मार्टफोन की तरह इसमें भी फेस अनलॉक के लिए अलग से एक एप दिया है। ऐसे में आपको फेस अनलॉक सेटिंग करने के लिए सेटिंग्स में जाने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा कंपनी ने एप को भी एक समान कैटेगरी में रखने के लिए अलग-अलग फोल्डर दिए हैं। जैसे- सोशल मीडिया एप एक फोल्डर में, गेमिंग एप एक फोल्डर में और टूल वाले एप एक ही फोल्डर में रहेंगे, हालांकि आप चाहें तो इन्हें अलग भी रख सकते हैं। इस बजट फोन में दिए गए फेस अनलॉक फीचर की बात करें तो यह काफी बढ़िया है।

फेस अनलॉक कम रौशनी में भी तेजी से काम करता है। खास बात यह है कि फेस अनलॉक 25 इंच की दूरी से भी उतनी ही तेजी से काम करता है। ऐसे में आपको सिर्फ 6,799 रुपये के स्मार्टफोन में शानदार फेस अनलॉक फीचर मिलता है और वैसे भी टेक्नो का किसी भी फोन में दिया गया फेस अनलॉक फीचर अच्छा ही होता है। एक खास फीचर फेस अनलॉक के साथ आपको मिलता है जिसकी मदद से आप कम रौशनी में भी फोन को चेहरे से अनलॉक कर सकते हैं। जैसे- यदि कम रौशनी है तो फोन आपको फ्लैश लाइट ऑन करने का विकल्प देता है और डिस्प्ले पर इसके लिए एक ऑप्शन मिलता है जिसे क्लिक करके आप फोन की फ्लैश लाइट को ऑन कर सकते हैं।
टेक्नो कैमन iAce की अनबॉक्सिंग
फोन पर बात करने के दौरान आवाज साफ आती है। स्पीकर पर बात करने में भी कोई परेशानी नहीं होती है। फोन के स्पीकर की आवाज अच्छी है, हालांकि ज्यादा साउंड चाहने वालों को यह फोन पसंद नहीं आएगा, क्योंकि इसकी आवाज कानफोड़ू नहीं है। टेक्नो ने इस फोन में बैटरी ऑप्टिमाइजेशन भी दिया है जो कि बैटरी की बचत करने में काफी मदद करता है। फोन में एक फ्रीजर एप भी है जिसमें आप उन एप को रख सकते हैं जिनका इस्तेमाल आप कभी-कभार ही करते हैं। फोन के साथ एक और बात गौर करने वाली है कि इसमें फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं है लेकिन तीन उंगलियों की मदद से आप स्क्रीनशॉट जरूर ले सकते हैं। फोन की बैटरी को चार्ज करने में 3.30 घंटे का वक्त लगता है और बैटरी आपका साथ पूरे दिनभर साथ देती है। ऐसे में एक फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया एप इस्तेमाल करने पर बैटरी को रात में ही चार्ज करने की जरूरत पड़ती है। तो अगर आप किसी ऐसे स्मार्टफोन की तलाश में हैं जिसमें शानदार परफॉर्मेंस कम कीमत में मिले तो टैक्नो कैमन आई एस आपके लिए एक बढ़िया विकल्प साबित हो सकता है।