सैमसंग गैलेक्सी एस 10 रिव्यू: 1 महीना इस्तेमाल करने के बाद क्या रहा रिजल्ट

सैमसंग ने मार्च 2019 में अपनी गैलेक्सी एस10 सीरीज के तीन स्मार्टफोन बाजार में उतारे हैं जिनमें गैलेक्सी एस10, गैलेक्सी एस10 ई और गैलेक्सी एस10 प्लस शामिल हैं। इनमें से टॉप वेरियंट गैलेक्सी एस10 प्लस और लोअर वेरियंट गैलेक्सी एस10ई है। रिव्यू के लिए हमें गैलेक्सी एस10 मिला था जिसे हमने एक महीना इस्तेमाल किया। तो आइए रिव्यू में जानते हैं कि एक महीना इस्तेमाल करने के बाद गैलेक्सी एस10 के साथ हमारा अनुभव कैसा रहा?
सैमसंग गैलेक्सी एस10 की डिजाइन
शुरुआत फोन की डिजाइन से करते हैं। डिजाइन को लेकर सैमसंग पिछले कई सालों से काफी प्रयोग कर रहा है चाहे वह नॉच डिस्प्ले हो, पंच होल डिस्प्ले हो या फिर पावर बटन में फिंगरप्रिंट सेंसर देने का हो या फिर कर्व्ड डिस्प्ले ही क्यों ना हो। गैलेक्सी एस10 की डिजाइन हमें पसंद आई। फोन के किनारे घुमावदार हैं। गैलेक्सी एस10 के नीचे की ओर स्पीकर ग्रिल, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट और 3.5एमएम का हेडफोन जैक है। वहीं फोन की बायीं ओर वॉल्युम और डिजिटल असिस्टेंट बिक्सबी के बटन दिए गए हैं। इसके अलावा दायीं ओर पावर बटन है। डिस्प्ले में दाहिनी ओर कोने में एक छेद में फ्रंट कैमरा दिया गया है। सैमसंग ने इस फोन में कर्व्ड डिस्प्ले का इस्तेमाल किया है। फोन के पीछे की बॉडी ग्लास की है जबकि फ्रेम मेटल की है।

ग्लास पैनल के होने के कारण आपको अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी, नहीं तो फोन टूट सकता है। फोन के पीछे बाएं से दाएं की ओर एक-एक करके तीन कैमरे, फ्लैश लाइट और हार्ट रेट सेंसर है। सिम कार्ड ट्रे फोन के ऊपर की ओर दिया गया है। गैलेक्सी एस10 को हाथ में लेने पर प्रीमियम अहसास मिलता है। बड़ी डिस्प्ले होने के बावजूद फोन हाथ में बड़ा नहीं लगता है। ग्लास और मेटल की बॉडी होने के कारण फोन हाथ से तेजी से फिसलता है। ऐसे में बेहतर होगा कि आप इसे कवर के साथ ही इस्तेमाल करें। हालांकि कंपनी ने आपकी सहूलियत को ध्यान में रखते हुए फोन के साथ बॉक्स में ईयरफोन के अलावा कवर भी दिया है। कुल मिलाकर कहें तो सैमसंग गैलेक्सी एस10 की डिजाइन कमाल की है और आपको डिजाइन को लेकर शायद ही शिकायत मिलेगी।

सैमसंग गैलेक्सी एस10 की डिस्प्ले
जैसा कि आप सभी जानते हैं कि डिस्प्ले के मामले में सैमसंग का कोई तोड़ नहीं है और कंपनी ने गैलेक्सी एस10 सीरीज के साथ एक बार फिर से इसे साबित भी किया है। गैलेक्सी एस10 में 6.1 इंच की QHD+ कर्व्ड डायनेमिक एमोलेड इनफिनिटी ओ डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 3040x1440 है। फोन में बेजल आपको नजर ही नहीं आएगा। ऐसे में वीडियो देखने का अनुभव शानदार रहा। डिस्प्ले पर गोरिल्ला ग्लास का सुरक्षा कवच है। ऐसे में फोन की डिस्प्ले पर आसानी से खरोंच आनी का डर नहीं है। कड़ी धूप हो या कोई वीडियो-फोटो आपको वास्तिवक रंगों का अनुभव होगा। वैसे तो आपने कई पंचहोल डिस्प्ले वाले फोन देखे होंगे। ऐसे अधिकतर फोन में आपको फ्रंट कैमरा बायीं ओर नजर आएगा लेकिन सैमसंग ने एस10 में दायी ओर कैमरा देकर एक नया और अलग प्रयोग किया है।

डिस्प्ले में दिया गया फ्रंट कैमरा आपको वीडियो देखने या किसी अन्य काम के दौरान परेशान नहीं करता है। गैलेक्सी एस10 की डिस्प्ले में ही फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है जिसे आप डिस्प्ले की तरह ऑलवेज ऑन भी कर सकते हैं। वैसे फिंगरप्रिंट सेंसर हमें थोड़ा धीमा लगा। जबकि फेस अनलॉक काफी तेज है। डिस्प्ले में बायी ओर बीच में ऐप्स ऐज है जिसे आप दूसरी डिस्प्ले के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। एक स्वाइप करके आप इसे आप एक्टिव कर सकते हैं। इसमें आप उन ऐप्स को रख सकते हैं जिनकी जरूरत आपको सबसे अधिक होती है।
सैमसंग गैलेक्सी एस10 का सॉफ्टवेयर और परफॉर्मेंस
सैमसंग गैलेक्सी एस10 में कंपनी ने खुद का ऑक्टाकोर एक्सिनोस 9820 प्रोसेसर दिया है। इसके साथ आपको ग्राफिक्स के लिए माली-जी76 मिलता है। कंपनी इसमें एंड्रॉयड पाई9.0 आधारित अपना वन यूआई 1.1 दिया है। यदि आपने पहले सैमसंग का फोन इस्तेमाल किया है तो आपको इस बार एक नया अनुभव होगा। सिक्योरिटी के लिए सैमसंग ने इसमें नॉक्स 3.3 दिया है। सैमसंग गैलेक्सी एस10 आपको 8 जीबी रैम और 128 जीबी/512 जीबी स्टोरेज वेरियंट में मिलेगा। रिव्यू के लिए हमें 8 जीबी रैम और 128 जीबी वाला मॉडल मिला था। स्टोरेज को आप मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ा भी सकते हैं हालांकि इसमें हाईब्रिड सिम कार्ड स्लॉट मिलता है। ऐसे में आप एक बार में दो सिम कार्ड या फिर एक सिम और एक मेमोरी कार्ड इस्तेमाल कर पाएंगे।

सॉफ्टवेयर के परफॉर्मेंस की बात करें इसमें आपको किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने वाली है। एक साथ कितने भी ऐप्स खुले होने के बाद भी फोन हैंग नहीं होता है। आपको बता दें कि एक महीना तक लगातार इस्तेमाल करने के दौरान गैलेक्सी एस10 में कोई भी ऐप एक बार भी क्रैश नहीं हुआ और ना ही फोन ने अचानक से काम करना बंद किया। ऐप के ओपन होने में भी वक्त नहीं लगता है। गेमिंग के लिए फोन बढ़िया है और ग्राफिक्स को लेकर कोई समस्या नहीं होने वाली है, हालांकि एचडीआर ग्राफिक्स पर पबजी खेलने पर फोन थोड़ा अटकता है।

सैमसंग गैलेक्सी एस10 का कैमरा
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें तीन रियर कैमरे है जिनमें एक लेंस 12 मेगापिक्सल का का है और इसका अपर्चर f/1.5 है, वहीं दूसरा लेंस 12 मेगापिक्सल का 45 डिग्री एंगल वाला टेलीफोटो है जिसका अपर्चर f/2.4 और तीसरा लेंस 16 मेगापिक्सल का 123 डिग्री एंगल वाला अल्ट्रा वाइड लेंस है। इसके साथ 10x डिजिटल जूम मिलेगा। कैमरे में आपको इंस्टाग्राम का डायरेक्ट सपोर्ट मिलता है यानि फोटो क्लिक करके आप डायरेक्ट तौर एक क्लिक करके इंस्टाग्राम पर शेयर कर सकते हैं। गैलेक्सी एस10 के कैमरे के साथ आपको एआर स्टीकर, ऑटो एचडीआर, बिक्सबी विजन का सपोर्ट मिलता है। यदि आप स्लो मोशन वीडियो के शौकीन हैं तो इसके लिए आपको कंपनी स्लो मोशन और सुपर स्लो मोशन दो विकल्प दिए हैं। कैमरे की मदद से आप 4के वीडियो भी रिकॉर्ड कर सकते हैं। सैमसंग ने इस बार गैलेक्सी एस10 में बाजार की मांग को देखते हुए ब्यूटी मोड और फिल्टर्स दिए हैं।

सैमसंग गैलेक्सी एस10 का कैमरा परफॉर्मेंस
सैमसंग गैलेक्सी एस10 का कैमरा कई मामले में हमें आईफोन XR के कैमरे से बेहतर लगा। हमने दोनों फोन से कई फोटोज भी क्लिक किए हैं जिन्हें आप यहां क्लिक देख सकते हैं।नेचुरल फोटोग्राफी में तो सैमसंग गैलेक्सी एस10 का कैमरे की परफॉर्मेंस कमाल की है लेकिन इंसानों के मामले में यह थोड़ा कमजोर पड़ जाता है। यदि आप किसी इंसान की फोटो क्लिक करते हैं तो वह फोटो थोड़ी एन्हांस होकर आती है। आसान शब्दों में कहें तो फोटो थोड़ी बनावट के साथ आती है। इस कारण यह फोन सेल्फी के शौकीनों को काफी पसंद आएगा। लगातार फोटो क्लिक करने पर भी कैमरा अटकटा नहीं है। यदि आप प्रकृति की फोटो क्लिक करने के शौकीन हैं या भीड़ वाली जगह की तो इसमें कैमरे में दिया गया वाइड एंगल आपकी काफी मदद करेगा। वैसे जूम लेंस हमें कुछ खास नहीं लगा, क्योंकि इसके इस्तेमाल से फोटो की क्वालिटी थोड़ी खराब हो जाती है। कम रौशनी में आपको परेशानी नहीं होगी, लेकिन जहां बिलकुल भी रौशनी नहीं है वहां आपको थोड़ी समस्या हो सकती है। फ्रंट कैमरा भी कमाल का है। इसके साथ आपको पोट्रेट मोड (लाइव फोकस) में आपको ब्लर, स्पिन, जूम और कलर प्वाइंट जैसे मोड अतिरिक्त मिलते हैं। फ्रंट कैमरे के साथ आपको ग्रुप सेल्फी का भी विकल्प मिलता है। दिन की पर्याप्त रौशनी में रियर और फ्रंट दोनों कैमरे से बेहतरीन फोटो आती है। फ्रंट कैमरे से भी आप अल्ट्रा एचडी वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।

सैमसंग गैलेक्सी एस10 की बैटरी और कनेक्टिविटी
फोन में कनेक्टिविटी के लिए अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है, हालांकि यह फास्ट नहीं है। वहीं फेस अनलॉक भी अंधेरे में परेशान करता है। नोट 9 के मुकाबले गैलेक्सी एस10 का फेस अनलॉक कमजोर है। सेंसर के तौर पर फोन में आपको एक्सेलेरोमीटर, एंबियंट लाइट सेंसर, बैरोमीटर, डिजिटल कंपास, जायरोस्कोप, हार्ट रेट सेंसर, प्रॉक्सिमिटी सेंसर और आरबीजी लाइट सेंसर मिलेंगे। वहीं इस फोन में डुअल 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई 802.11एएक्स, ब्लूटूथ 5.0, जीपीएस/ ए-जीपीएस, 3.5 एमएम हेडफोन जैक और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट मिलेंगे। इस फोन में 3400 एमएएच की बैटरी है जो फुल चार्ज होने में 90 मिनट का वक्त लेती है। बैटरी के परफॉर्मेंस की बात करें तो यदि आप अधिक वीडियो देखते हैं और गेम खेलते हैं तो बैटरी को दिन में एक बार चार्ज करना पड़ेगा अन्यथा आपको पूरे दिन का बैकअप मिलेगा। गैलेक्सी एस10 की अच्छी बात यह है कि आप इस फोन से पावर शेयरिंग फीचर की मदद से दूसरे वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट वाले डिवाइस चार्ज कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर आप स्मार्टवॉच, गैलेक्सी बड्स और आईफोन xr गैलेक्सी एस10 के पीछे के पैनल पर रखकर चार्ज कर सकते हैं।

फैसला
तो हमारे रिव्यू में हमें सैमसंग गैलेक्सी एस10 में एक दो चीजों को छोड़कर कोई कमी नजर नहीं आई। जैसे फेस अनलॉक को कंपनी अपडेट के जरिए फास्ट (अंधेरे के लिए) कर सकती है। बड़ी डिस्प्ले होने के बाद भी आपको फोन हाथ में बड़ा और भारी नहीं लगता है। फोन का वजन 157 ग्राम है। ऐसे में इसे वजनी फोन नहीं कहा जाएगा। इस फोन को हम 1 महीने से इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन अभी तक किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आई है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि सैमसंग गैलेक्सी एक प्रीमियम रेंज में एक बढ़िया फोन है और यह शायद ही आपको निराश करेगा।
- सैमसंग गैलेक्सी एस10 कैमरा रिव्यू: देखें 10 सैंपल फोटोज
- Vivo V15 Pro Review: शानदार डिस्प्ले, पॉपअप फ्रंट कैमरे के साथ स्मार्टफोन मार्केट का नया सितारा
- लेट्सट्रैक पर्सनल जीपीएस ट्रैकर रिव्यू: अपनों की हिफाजत के लिए एक कंप्लीट डिवाइस
- Jivi OPUS S3 Review: कितना दम है 6,499 रुपये वाले इस मेड इन इंडिया स्मार्टफोन में