कल भारत में लॉन्च हो सकता है नोकिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन Nokia 2

HMD ग्लोबल कल भारत में एक इवेंट का आयोजन कर रहा है। कल के इवेंट में कंपनी नोकिया 7 के साथ अपना सबसे सस्ता स्मार्टफोन नोकिया 2 लॉन्च कर सकती है, हालांकि कंपनी ने अभी तक साफ नहीं किया है कि 31 अक्टूबर को होने वाली इवेंट में कौन से फोन लॉन्च किया जाएगा।
इससे पहले HMD ग्लोबल ने भारत में नोकिया 3, नोकिया 5, नोकिया 6 और फ्लैगशिप नोकिया 8 लॉन्च किए हैं। वहीं अब रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी नोकिया 2 के साथ एंट्री लेवल मोबाइल बाजार में अपनी पैठ जमाना चाहती है। लीक्स रिपोर्ट्स के मुताबिक नोकिया 2 की कीमत करीब 6,500 रुपये हो सकती है। ऐसे में नोकिया के इस फोन की टक्कर शाओमी और मोटोरोला से होगी।
वहीं लॉन्चिंग से पहले बेंचमार्क साइट से फोन के फीचर्स लीक हुए है जिसके मुताबिक नोकिया 2 में क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 212 प्रोसेसर, 1 जीबी रैम और 4,000mAh की दमदार बैटरी होगी। फोन एंड्रॉयड नूगट 7.1 के साथ आएगा।