HTC के इस नए स्मार्टफोन की पहली सेल आज, जानें कीमत और ऑफर्स

HTC ने एक लंबे समय के बाद भारत में हाल ही में अपना नया स्मार्टफोन HTC Wildfire X लॉन्च किया है। HTC Wildfire X की आज यानी 22 अगस्त को पहली सेल है। इस फोन को भारत में InOne स्मार्ट टेक्नोलॉजी ने पेश किया है। बता दें कि इसी कंपनी के पास एचटीसी मोबाइल का अधिकार है। HTC Wildfire X की खासियतों की बात करें तो इसमें एंड्रॉयड पाई 9.0, ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप और 128 जीबी की स्टोरेज है।
भारत में HTC Wildfire X के 3 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 10,999 रुपये और 4 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 13,999 रुपये है। इस फोन के दोनों वेरियंट के साथ लिमिटेड पीरियड ऑफर के तहत प्री-पेड ऑर्डर करने पर 1,000 रुपये की छूट मिल रही है। फोन की बिक्री फ्लिपकार्ट से दोपहर 12 बजे से होगी। फोन के साथ वोडाफोन की ओर से 3,750 रुपये का कूपन मिल रहा है।
HTC Wildfire X में 3D OPVD मिरर फिनिश दी गई है। इसके अलावा इसमें लाइव लोकेशन शेयर करने, ऑडियो ट्रांसमिशन के लिए Mybuddy फीचर दिया गया है। इस फोन में एंड्रॉयड पाई 9,0 है। इसके अलावा इसमें 6.22 इंच की HD+ डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 720x1520 पिक्सल है। इस फोन में ऑक्टाकोर प्रोसेसर है, हालांकि कंपनी ने प्रोसेसर का नाम नहीं बताया है।
इस फोन में ट्रिपल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 12 मेगापिक्सल का, दूसरा 8 मेगापिक्सल का और तीसरा 5 मेगापिक्सल का है। रियर कैमरे के साथ 8एक्स जूम मिलेगा। इस फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है।
इस फोन की स्टोरेज को मेमोरी कार्ड की मदद से 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। इसमें कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4G LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ, जीपीएस/ए-जीपीएस, यूएसबी टाइप-सी और 3.5 एमएम का हेडफोन जैक मिलेगा।