क्वारंटीन से भागने वालों की अब खैर नहीं, 'स्मार्टबैंड' से निगरानी करने की तैयारी में सरकार

देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले 20 हजार पार कर चुके हैं। वहीं 600 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई है। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद सरकार लोगों को क्वारंटीन कर रही है। कई लोगों को सेल्फ क्वारंटीन किया जा रहा है तो कई लोगों को डॉक्टर्स की निगरानी में अस्पताल में क्वारंटीन किया जा रहा है, लेकिन कई लोग क्वारंटीन से भाग जा रहे हैं।
ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए सरकार रिस्टबैंड की तैयारी में है। ये रिस्टबैंड काफी हद तक स्मार्टबैंड की तरह है जिनमें लोकेश और शरीर का तापमान ट्रैक करने जैसे फीचर्स होंगे। इसकी जानकारी सरकार ने बुधवार को दी है। स्मार्ट रिस्टबैंड तैयार करने का उद्देश्य क्वारंटीन किए गए लोगों को ट्रैक करना और जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की आपूर्ति करने वालों की मदद करना है।
कहा जा रहा है कि सरकार ने हजारों रिस्टबैंड को तैयार करने का ऑर्डर दे दिया है, हालांकि सटीक आंकड़ा अभी तक सामने नहीं आया है। ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया नाम की कंपनी अगले हफ्ते तक अस्पतालों और राज्य सरकारों के लिए रिस्टबैंड की डिजाइन पेश करेगी और उन्हें बनाने के लिए भारतीय स्टार्ट-अप के साथ काम करेगी। रिस्टबैंड में आपातकाल बटन भी होगा जिसके जरिए यूजर्स मदद ले सकेंगे।
कंपनी के चेयरमैन जॉर्ज कुरुविला ने कहा कि मई में रिस्टबैंड रोल आउट किए जाने की संभावना है। रिस्टबैंड में क्वारंटीन किए गए लोगों की पलपल की लोकेशन का डाटाबेस होगा। बता दें कि इससे पहले हांगकांग ने इसी तरह के रिस्टबैंड का इस्तेमाल किया है। हांगकांग ने लोगों की विदेश यात्रा पर नजर रखने के लिए भी रिस्टबैंड का इस्तेमाल किया है।
गौरतलब है कि इससे पहले सरकार ने आरोग्य सेतु एप लॉन्च किया है जो कि लोकेशन के आधार पर कोरोना के संक्रमण के बारे में लोगों को अलर्ट करता है। इसके अलावा इस एप से आप लक्षण बताकर यह भी पता कर सकते हैं कि आपको कोरोना का कितना खतरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करने की अपील की है। आरोग्य सेतु एप को लॉन्च होने के बाद अभी तक छह करोड़ से अधिक लोगों ने डाउनलोड कर लिया है।
- जियो के साथ सौदे का मतलब हमारे बीच प्रतिस्पर्धा खत्म होना नहीं है: फेसबुक
- लॉकडाउन में समय का ऐसे करें सही इस्तेमाल, गूगल ने बताए पांच तरीके
- Facebook Messenger Kids एप हुआ लॉन्च, माता-पिता बच्चों के अकाउंट पर रख सकेंगे नजर
- Huawei Watch GT2 Series को मिला नया अपडेट, अब ब्लड में ऑक्सीजन लेवल की भी मिलेगी जानकारी