TCL अब नहीं बनाएगी BlackBerry के स्मार्टफोन, कस्टमर सपोर्ट भी नहीं मिलेगा

ब्लैकबेरी (BlackBerry) स्मार्टफोन एक समय सबसे सुरक्षित और फास्ट स्मार्टफोन माना जाता था। इसकी मैसेजिंग एप को कई कंपनियों ने भी कॉपी भी किए लेकिन अब ब्लैकबेरी बंद हो रही है। पिछले साल तक टीसीएल कंम्यूनिकेशन ब्लैकबेरी के स्मार्टफोन बनाती थी लेकिन अब TCL ब्लैकबेरी के स्मार्टफोन नहीं बनाएगी और ना ही डिजाइन करेगी।
टीसीएल ने अपने एक बयान में कहा है कि 31 अगस्त 2020 के बाद वह ब्लैकबेरी को किसी तरह का कोई सपोर्ट नहीं देगी, हालांकि जिन लोगों के पास ब्लैकबेरी का स्मार्टफोन है उन्हें 31 अगस्त 2022 तक सर्विस मिलेगी। टीसीएल ने साल 2016 में ब्लैकबेरी के फोन निर्माण का लाइसेंस लिया था जिसके बाद ब्लैकबेरी कीवन, ब्लैकबेरी की2 और ब्लैकबेरी मोशन जैसे स्मार्टफोन पेश किए गए।
गौरतलब है कि ब्लैकबेरी का आखिरी फोन ब्लैकबेरी मोशन है जिसमें डुअल सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड नूगट 7.1.1, 5.5 इंच की HD डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 720x1280 पिक्सल है। इसके अलावा स्क्रीन पर ड्रैगन ट्रायल ग्लास प्रोटेक्शन (DragonTrail Glass) है। फोन के होम पर फिजिकल बटन दिया गया है। फोन में क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 625 प्रोसेसर, 4GB रैम और 32GB जीबी स्टोरेज है जिसे 2TB तक बढ़ाया जा सकता है।
BlackBerry Motion के कैमरे की बात करें तो इसमें 12 मेगापिक्सल का f/2.0 अपर्चर वाला रियर कैमरा, साथ में डुअल टोन LED फ्लैश लाइट, 4K वीडियो रिकॉर्डिंग फीचर है। वहीं फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का है। फोन के होम बटन में फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है। इसके अलावा फोन में 4000mAh की बैटरी है।