उदयपुर में ACB का बड़ा ट्रैप: 24 हजार रुपए रिश्वत लेते मंडी कार्मिक गिरफ्तार, किसके एवज में मागे थे रुपये?
उदयपुर में ACB ने कृषि उपज मंडी सवीना के कार्मिक मनोहरलाल को 24 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी पर गेहूं से भरे ट्रैक्टरों की चेकिंग, चालान और पेनल्टी से राहत देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उदयपुर में रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कृषि उपज मंडी, सवीना के कार्मिक मनोहरलाल को 24 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गेहूं से भरे ट्रैक्टरों की चेकिंग नहीं करने, चालान से बचाने और गेहूं खरीद से संबंधित बिलों की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराने पर पेनल्टी की कार्रवाई नहीं करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
ACB के अनुसार परिवादी कलड़वास क्षेत्र में आटा मिल संचालित करता है और कृषि उपज मंडी सवीना सहित अन्य व्यापारियों के माध्यम से गेहूं की वैध खरीद करता है। परिवादी ने शिकायत में बताया कि मार्च 2026 से आरोपी उसके व्यापार से जुड़े व्यापारियों के गेहूं से भरे ट्रैक्टरों को रोककर चेकिंग के नाम पर तत्काल बिल प्रस्तुत करने का दबाव बना रहा था। बिल नहीं दिखाने पर ट्रैक्टरों के चालान किए जा रहे थे।
पढ़ें: निकाय चुनाव से पहले अजमेर भाजपा में सियासी भूचाल, पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत ने छोड़ी पार्टी
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने ट्रैक्टरों की चेकिंग और चालान से राहत देने तथा गेहूं के बिलों की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराने पर पेनल्टी नहीं लगाने के बदले तत्कालीन मंडी सचिव मदन गुर्जर के नाम पर प्रतिमाह रिश्वत की मांग की थी। परिवादी ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि के लिए आरोपी पहले ही 65 हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले चुका था। इसके बाद अप्रैल से जुलाई 2026 तक चार माह की रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई। ACB उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोहरलाल को परिवादी से 24 हजार रुपए नकद रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत अनुसंधान किया जाएगा।