{"_id":"6aaaaf0f0256f764ce043790","slug":"rajasthan-4-smugglers-arrested-poppy-husk-worth-rs-88-lakh-seized-2026-09-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान: ढाई घंटे 200 किमी पीछा कर 4 तस्कर गिरफ्तार, 88 लाख का डोडा-चूरा जब्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान: ढाई घंटे 200 किमी पीछा कर 4 तस्कर गिरफ्तार, 88 लाख का डोडा-चूरा जब्त
Wed, 16 Sep 2026 08:31 PM IST
राहुल कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, जयपुर
अमर उजाला ब्यूरो, जयपुर
Published by: राहुल कुमार
Updated Wed, 16 Sep 2026 08:31 PM IST
विज्ञापन
चार तस्कर गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 583 किलो 280 ग्राम डोडा-चूरा, तीन लाख रुपये नकद और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस डोडा-चूरा की कीमत लगभग 88 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस टीम ने तस्करों को पकड़ने के लिए लगभग 200 किलोमीटर तक करीब ढाई घंटे पीछा किया। साड़ास थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान एएनटीएफ और पुलिस ने घेराबंदी कर जोधपुर निवासी चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ की ओर से एक पिकअप वाहन में डोडा-चूरा ले जाया जा रहा है। पिकअप के आगे एक स्कॉर्पियो-एन वाहन चल रहा था, जो रास्ते की रेकी कर रहा था। इस सूचना पर एएनटीएफ टीम ने चित्तौड़गढ़ बाईपास पर नाकाबंदी की। जब संदिग्ध स्कॉर्पियो-एन वाहन नाकाबंदी से गुजर गया और पीछे पिकअप नहीं पहुंची, तो टीम को रास्ता बदलने का संदेह हुआ। एएनटीएफ ने आसपास के मार्गों पर तलाश शुरू की, तभी एक सफेद रंग की पिकअप आती दिखी। चालक ने नाकाबंदी देखते ही पिकअप रोकने के बजाय तेज गति से भगा दी और नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गया।
विज्ञापन
नाकाबंदी तोड़कर भागे, तो किया तस्करों का पीछा
नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्करों का पीछा एएनटीएफ टीम ने तुरंत शुरू कर दिया। तस्करों ने हाईवे छोड़कर गांवों, जंगलों, खेतों और कच्चे रास्तों की ओर गाड़ी मोड़ दी। एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार तस्कर गंगरार और साड़ास के ग्रामीण इलाकों में लगातार मार्ग बदलते रहे। कच्चे रास्तों और जंगलों के बीच पीछा करना कठिन था, परटीम ने लगातार नजर बनाए रखी। लगभग ढाई घंटे तक चले इस 200 किलोमीटर लंबे पीछा के दौरान कई बार वाहन नजरों से ओझल हुआ, फिर भी कार्रवाई जारी रही।
विज्ञापन
पानी में गिरी पिकअप से बरामद हुए कट्टे
जब तस्कर लगातार रास्ते बदलकर भागते रहे, तो एएनटीएफ ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर संभावित रास्तों पर आगे नाकाबंदी करवाई। पीछे से एएनटीएफ और आगे से स्थानीय पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर घबरा गए। चारों आरोपियों ने चलती पिकअप से छलांग लगा दी और पैदल भागने लगे। बेकाबू पिकअप एक बरसाती नदी के पानी में जा गिरी। पुलिस टीमों ने भाग रहे चारों तस्करों को थोड़ी दूरी पर ही पकड़ लिया। इसके बाद, जेसीबी मशीन की मदद से पानी में डूबी पिकअप को बाहर निकाला गया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें से 16 कट्टों में भरा 583 किलो 280 ग्राम डोडा-चूरा और तीन लाख रुपये नकद बरामद हुए।
जोधपुर में दोगुने दाम पर बेचने की थी योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चित्तौड़गढ़ और आसपास के क्षेत्रों से 1900 से 2000 रुपये प्रति किलो की दर से डोडा-चूरा खरीदते थे। इस खेप को जोधपुर ले जाकर एक तस्कर के ठिकाने पर उतारना था और वहां 4000 से 5000 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचना था। इस तरह उन्हें प्रति किलो दो से तीन हजार रुपये का मुनाफा होता था। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे पहले खेती, मजदूरी, होटल संचालन और वाहन चलाने का काम करते थे। आर्थिक तंगी, उधार और पिकअप वाहन की किश्तें चुकाने के दबाव के कारण उन्होंने कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए मादक पदार्थ तस्करी का रास्ता चुना।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ओस्तरा निवासी विक्रम पंचारिया (21), खारड़ा मेवसा निवासी रेंवतराम डूडी (32), उम्मेदनगर निवासी संतोष कुमार लोल (19) और कागल निवासी धर्मेन्द्र डूडी (25)के रूप में हुई है। सभी आरोपी जोधपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करी नेटवर्क के अन्य बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।