Ajmer Crime: दुकान नहीं पहुंचा 18 साल पुराना नौकर, तिजोरी खोली तो गायब मिले 15 लाख और 750 ग्राम सोना
अजमेर के लखोटिया ज्वेलर्स में करीब 18 साल से काम कर रहा नौकर दिलीप चौरसिया अचानक गायब हो गया। दुकान की तिजोरी से 15 लाख रुपए नकद और करीब 750 ग्राम सोना गायब मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अजमेर के नया बाजार चौपड़ स्थित प्रतिष्ठित लखोटिया ज्वेलर्स में करीब 18 साल से काम कर रहा नौकर अचानक गायब हो गया। संचालक ने दुकान की तिजोरी और ज्वेलरी स्टॉक की जांच की तो 15 लाख रुपए नकद और करीब 750 ग्राम सोना गायब मिला। व्यापारी ने कर्मचारी दिलीप चौरसिया पर चोरी का शक जताते हुए कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को दुकान पहुंचने वाला नौकर नहीं आया
कोतवाली थाना प्रभारी रामेश्वरी के अनुसार, लखोटिया ज्वेलर्स के संचालक सूरज नारायण लखोटिया के यहां सेठी कॉलोनी निवासी दिलीप चौरसिया करीब 18 साल से काम कर रहा था। सोमवार को दुकान बंद होने के बाद मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश था। बुधवार सुबह दुकान खुलने के बाद जब दिलीप दुकान पर नहीं पहुंचा तो संचालक को चिंता हुई।
संचालक ने दिलीप को फोन किया। उसने बताया कि वह एक-दो घंटे देरी से दुकान पहुंचेगा। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह दुकान नहीं आया तो संचालक ने दोबारा फोन किया, लेकिन इस बार मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद संचालक को संदेह हुआ।
घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था
दिलीप का मोबाइल बंद मिलने के बाद संचालक ने उसके बारे में जानकारी जुटाई। परिजनों ने बताया कि दिलीप बुधवार सुबह करीब 9 बजे दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला और मोबाइल भी बंद रहा। मामला संदिग्ध लगने पर संचालक ने दुकान की तिजोरी और ज्वेलरी स्टॉक की जांच कराई। तिजोरी खोलने पर उसमें रखी करीब 15 लाख रुपए की नकदी और 750 ग्राम सोना गायब मिला।
18 साल से काम करने के कारण दुकान की जानकारी थी
पुलिस के अनुसार, दिलीप करीब 18 वर्षों से लखोटिया ज्वेलर्स पर काम कर रहा था। इतने लंबे समय तक दुकान पर काम करने के कारण उसे दुकान की व्यवस्था, हिसाब-किताब और तिजोरी से जुड़ी जानकारी होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसके संपर्कों और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी
नकदी और सोना गायब मिलने के बाद संचालक सूरज नारायण लखोटिया ने कोतवाली थाने में दिलीप चौरसिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गायब सोना और नकदी कहां ले जाई गई। इसके लिए आरोपी के मोबाइल की लोकेशन, उसके संपर्क में रहे लोगों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
करीब 18 साल पुराने कर्मचारी के अचानक गायब होने और तिजोरी से लाखों रुपए की नकदी व बड़ी मात्रा में सोना गायब मिलने की घटना से अजमेर के सर्राफा बाजार में चर्चा का माहौल है।