Samsung Galaxy M20 Review: सैमसंग का सबसे बेहतरीन बजट स्मार्टफोन

सैमसंग इंडिया ने नए साल में भारत लॉन्चिंग पैड बनाते हुए अपनी एम सीरीज के दो नए Galaxy M20 और M10 लॉन्च किए हैं। सैमसंग गैलेक्सी एम20 और एम10 दोनों फोन की बिक्री फिलहाल सिर्फ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हो रही है, उम्मीद है कि भविष्य में दोनों फोन की बिक्री ऑफलाइन स्टोर से होगी। Galaxy M20 और M10 का खासियतों की बात करें तो इन दोनों फोन में आपको वॉटरड्रॉप नॉच वी इनफिनिटी डिस्प्ले मिलेगी। इसके अलावा दोनों फोन में डुअल रियर कैमरा मिलेगा। ये दोनों फोन हमारे पास रिव्यू के लिए आए हैं तो आइए सैमसंग गैलेक्सी एम20 के रिव्यू में जानते हैं कैसा है यह फोन।

सैमसंग गैलेक्सी एम20 की स्पेसिफिकेशन
सैमसंग गैलेक्सी एम20 में 6.3 इंच की फुल एचडी प्लस वी इनफिनिटी डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2340 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। इस फोन में एंड्रॉयड ओरियो 8.1, सैमसंग का इनहाउस ऑक्टाकोर Exynos 7904 प्रोसेसर है। यह फोन 3GB/4GB रैम और 32 जीबी/64 जीबी स्टोरेज वेरियंट में उपलब्ध है। स्टोरेज को मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकता है और इसके लिए आपको फोन में तीन कार्ड मिलते हैं जिनमें दो सिम कार्ड स्लॉट और एक मेमोरी कार्ड स्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा इस फोन को Widevine L1 सर्टिफिकेट मिला है यानि इस फोन पर आप अमेजॉन और नेटफ्लिक्स के एचडी वीडियो देख सकते हैं, जबकि एम20 की रेंज में बाजार में मौजूद कई अन्य स्मार्टफोन में आपको यह सुविधा नहीं मिलेगी। इस फोन की बॉडी प्लास्टिक की है लेकिन फिनिशिंग शानदार है और आपको ग्लास वाली फिलिंग आएगी। बेहतरीन फिनिशिंग होने के कारण यह फोन हाथ से फिसलता है। ऐसे में हम आपको बिना कवर फोन को इस्तेमाल करने की सलाह नहीं देंगे।

सैमसंग गैलेक्सी एम20 की डिजाइन, डिस्प्ले और बॉडी
फोन में 6.3 की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसके साथ आपको नॉच भी मिलता है। बड़ी डिस्प्ले होने के बावजूद हाथ में फोन को लेने पर यह भारी नहीं लगता है। डिस्प्ले में रंगों के मिश्रण को लेकर आपको कोई शिकायत नहीं होगी। रिव्यू के दौरान फोन पर वीडियो देखने का हमारा अनुभव शानदार रहा है। डिस्प्ले का व्यू एंगल बढ़िया है। इस फोन पर यूट्यूब पर आपको 1080 पिक्सल पर 60 फ्रेम प्रति सेकेंड की दर से वीडियो देख सकते हैं। फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है जो बाजार में मौजूद फोन के फिंगरप्रिंट सेंसर्स की डिजाइन से अलग है। कुल मिलाकर कहें तो फिंगरप्रिंट के साथ कोई ऊभार नहीं है। यह पूरी तरह से बॉडी में मिल गया है। फिंगरप्रिंट तेजी से काम करता है। इस फोन में दो स्पीकर हैं जिनमें एक नॉच के ऊपर और दूसरा नीचे चार्जिंग पोर्ट के बगल में है। फोन में एंड्रॉयड 8.1 आधारित सैमसंग का एक्पेरियंस वर्जन 9.5 मिलता है जिसमें आईकन को लेकर कंपनी ने थोड़ा बदलाव किया है।