शाओमी रेडमी नोट 7, नोट 7 प्रो की भारत में लॉन्चिंग आज, मिलेगा 48 मेगापिक्सल का कैमरा

शाओमी अपने सब-ब्रांड रेडमी के तहत आज यानि 28 फरवरी को भारत में अपने दो नए स्मार्टफोन रेडमी नोट 7 और रेडमी नोट 7 प्रो लॉन्च करेगी। फोन की लॉन्चिंग नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में दोपहर 12 बजे होगी। बता दें कि रेडमी नोट 7 को चीन में पिछले महीने लॉन्च किया गया है। रेडमी नोट 7 और रेडमी नोट 7 प्रो की खासियतों की बात करें तो इन दोनों फोन में 48 मेगापिक्सल का कैमरा है।

Redmi Note 7 की स्पेसिफिकेशन
डिजाइन की बात करें तो रेडमी नोट 7 काफी हद तक शाओमी के एमआई प्ले की तरह लगता है। Redmi Note 7 में 6.3 इंच की नॉच डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। इसके अलावा फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर, 3 जीबी, 4 जीबी व 6 जीबी की रैम और 32 जीबी व 64 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। स्टोरेज को मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकेगा।

रेडमी नोट 7 का कैमरा
फोन के कैमरे की बात करें तो इस फोन में डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 48 मेगापिक्सल का है जिसका अपर्चर f/1.8 है, वहीं दूसरा लेंस 5 मेगापिक्सल का है जिसे डेफ्ट के लिए दिया गया है। इसके अलावा फोन में 13 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। फोन में फास्ट चार्जिंग के साथ 4000mAh की बैटरी, हेडफोन जैक और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट है।