धार के जयंतीमाता मंदिर में चोरी का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, चांदी के छत्र-मुकुट और झुमके बरामद
धार के जयंतीमाता मंदिर में 27 सितंबर को हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चांदी के तीन छत्र, मुकुट, झुमके, बाइक और औजार बरामद किए हैं। एक आरोपी की तलाश जारी है।
विस्तार
धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र की दसई चौकी अंतर्गत ग्राम जयंतीमाता स्थित मंदिर में 27 सितंबर को हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए चांदी के तीन छत्र, एक मुकुट और एक जोड़ी झुमके बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चोरी में प्रयुक्त औजार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि मांगोद-कानवन मार्ग पर भरावदा फाटे के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जयंतीमाता मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मगरसिंह मेड़ा (40), नूरसिंह उर्फ नूरू मेड़ा (30) और बाजू उर्फ बहादुर सप्निया (31) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम चुन्पिया आम्बापुर, थाना टांडा के निवासी हैं। आरोपियों की निशानदेही पर चांदी के तीन छत्र, एक मुकुट और एक जोड़ी कान के झुमके बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर बाइक, पाना, पेचकस और कटर भी जब्त किया है।
पढे़ं: अभिनेता राजपाल यादव की फिर बढ़ी मुश्किलें: सुप्रीम कोर्ट के बाद अब महू कोर्ट में पेशी, जानें क्या है मामला?
फरार आरोपी की तलाश
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किया गया चांदी का कंदोरा बेचने के लिए बड़कच्छ निवासी नूरसिंह को दिया था। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
मामले का खुलासा दसई चौकी में सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना और दसई चौकी प्रभारी की मौजूदगी में किया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में हुई। पुलिस अधीक्षक ने सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम को उचित इनाम देने की घोषणा की है।
