यूपी:लखनऊ में गोबर की छींटों के बीच बन रही थीं मिठाइयां, परिसर में 40-50 भैंसें बंधी थीं; बंद कराया प्रतिष्ठान
लखनऊ के काकोरी स्थित एक मिठाई प्रतिष्ठान में गंदगी और गोबर के बीच मिठाइयां बनती मिलीं। परिसर में बड़ी संख्या में भैंसें बंधी थीं। जांच में दूषित मिठाइयां, खराब घोल और अस्वच्छ व्यवस्था मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान बंद कराया, सामग्री जब्त की और नमूने जांच के लिए भेजे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ में काकोरी के हरदोईया लालनगर स्थित शिवाछी स्वीट में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पकड़ीं। यहां गंदगी के बीच मिठाइयां बनती मिलीं। परिसर में 40 से 50 भैंसें बंधी थीं और उनके गोबर की छींटें तैयार मिठाइयों पर पड़ रहे थे। इसके बाद विभाग ने प्रतिष्ठान को तत्काल बंद करा दिया।
सहायक आयुक्त द्वितीय (खाद्य) विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मौके से करीब 1000 लीटर मिठाई बनाने का घोल मिला, जिसमें मरी हुई मक्खियां पड़ी थीं। इसके अलावा 1,675 किलो मिठाइयां दूषित मिलीं। इनमें 1,000 किलो कलाकंद, 300 किलो डोडा बर्फी, 350 किलो चिकनी बर्फी और 25 किलो पेड़ा शामिल है। कुल 2,675 किलो दूषित खाद्य पदार्थ नष्ट कराने का निर्णय लिया गया। देर रात कार्रवाई पूरी होने के कारण सामग्री को कमरे में रखकर सील कर दिया गया, जिसे अगले दिन टीम की मौजूदगी में नष्ट किया जाएगा।
जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा
टीम ने 686 किलो खाद्य सामग्री भी जब्त की, जिसकी कीमत 79,170 रुपये है। इसमें सूजी, स्किम्ड मिल्क पाउडर, बूंदी, मूंगफली, गरी लच्छा, फिटकरी और अन्य सामग्री शामिल है। इस मौके पर लिए गए 15 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
जांच में करीब 25 कर्मचारी बिना एप्रेन, सिर ढकने वाले कपड़े और दस्ताने के काम करते मिले। उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं कराया गया था। परिसर में खुली नाली और गंदा पानी मिला। विभाग ने संचालक संजीत कुमार को कारण बताओ नोटिस दिया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जाएगा।