यूपी: 5 प्रशिक्षक, 365 छात्र...कैसे हुनरमंद हो हाथ; विभागाध्यक्ष, कर्मशाला अधीक्षक और प्रवक्ता के पद भी रिक्त
लखनऊ के राजकीय पॉलीटेक्निक में 365 छात्रों को प्रशिक्षण देने के लिए सिर्फ पांच प्रशिक्षक हैं। कई प्रवक्ता, विभागाध्यक्ष और कर्मशाला अधीक्षक के पद खाली हैं। जर्जर भवन और संसाधनों की कमी से प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रभावित है। संस्थान में रिक्त पद भरने और सुविधाएं सुधारने की प्रक्रिया जारी होने का दावा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाज कल्याण विभाग से संचालित मोहान रोड की राजकीय गोविंद बल्लभ पंत पॉलीटेक्निक में पढ़ने वाले 365 छात्रोंं को कुशल बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ पांच वर्कशॉप (कर्मशाला) प्रशिक्षकों पर हैं। प्रशिक्षकों के पांच पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इस तरह 73 छात्रों पर एक प्रशिक्षक है। यह प्रशिक्षक प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले सभी छात्रों को अलग-अलग शॉप्स (ट्रेड) में प्रशिक्षित करते हैं।
तकनीकि, सिविल और इलेक्टि्रकल तीनों में प्रवक्ता के पद भी खाली हैं। विभागाध्यक्ष और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भी कमी है। जीबी पंत पॉलीटेक्निक में सिविल, मैकेनिकल और इलेक्टि्रकल में तीन वर्षीय डिप्लोमा के लिए छात्र-छात्राओं का प्रवेश लिया जाता है। इस वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया अभी चल रही है। प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों की कक्षाएं संचालित हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर 2:30 बजे कुछ कक्षाओं में छात्र मौजूद थे। एनसीसी का शिविर भी चल रहा था। मगर वर्कशॉप में सन्नाटा पसरा था।
अधीक्षक की तैनाती नहीं, प्रवक्ता के चार पद रिक्त
प्रधानाचार्य अंजू सिंह ने बताया कि कर्मशाला अधीक्षक का एक ही पद है, जो लंबे समय से रिक्त है। तकनीकि प्रवक्ता के छह पद स्वीकृत हैं। इसमें दो पद खाली हैं। नॉन टेक्निकल का एक पद रिक्त है। सिविल में विभागाध्यक्ष का पद खाली है। मैकेनिकल में भी प्रवक्ता की कमी है। चतुर्थ श्रेणी के 10 से अधिक पद खाली हैं। 10 कर्मचारी आउटसोर्सिंग (ठेका) से लगाए गए हैं।
भवन जर्जर-संसाधन भी कम, जैसे-तैसे चल रहा काम
वर्कशॉप (कर्मशाला) खस्ताहाल है। इसका भवन जर्जर हो गया है। परिसर में कारपेंटरी, इलेक्टि्रक, वेल्डिंग, फाउंड्री, स्मिथि आदि 10 शॉप्स हैं। दोपहर के समय सभी शॉप्स पर ताला लगा था। परिसर में मौजूद कर्मचारी ने बताया कि द्वितीय वर्ष के छात्रों को सुबह प्रैक्टिकल कराया गया है। वर्कशॉप की अधिकांश शॉप्स में संसाधनों का टोटा है। छात्रों को जैसे-तैसे प्रैक्टिकल कराया जाता है।
इसके लिए पत्राचार किया गया
राजकीय गोविंद बल्लभ पंत पॉलीटेक्निक की प्रधानाचार्य अंजू सिंह ने बताया कि वर्कशॉप में प्रथम वर्ष के सभी और द्वितीय वर्ष में मैकेनिकल के छात्रों को ही प्रैक्टिकल कराया जाता है। प्रशिक्षक, छात्रों के शॉप्स वार ग्रुप बनाकर छात्रों को प्रशिक्षित करते हैं। प्रशिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। वर्कशॉप के भवन की हालत और संसाधनों की कमी है। इसके लिए पत्राचार किया गया है।