यूपी: पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी का प्लान, सैन्य प्रतिष्ठानों-धार्मिक स्थलों को भी टारगेट करने की थी साजिश
राजधानी लखनऊ में पुलिस व सेना के जवान की हत्या और ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क के चार संदिग्धों के मोबाइल से कई अहम वीडियो और फोटो बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया है कि ये संदिग्ध सैन्य ठिकानों और धार्मिक स्थलों की रेकी कर पाकिस्तान बैठे हैंडलर को जानकारी भेज रहे थे, जिसके बाद एटीएस अब इन्हें कस्टडी रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की तैयारी कर रही है।
विस्तार
राजधानी लखनऊ में पुलिस या सेना के जवान की हत्या की साजिश रचने के मामले में गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क के चार संदिग्धों के मोबाइल से कई अहम सुराग मिले हैं। जांच में उनके मोबाइल से सैन्य ठिकानों और धार्मिक स्थलों के वीडियो व फोटो मिले हैं। इन वीडियो और फोटो को पाकिस्तान में बैठे हैंडलर को भेजा गया था। ऐसे में आशंका है कि इन ठिकानों को भी निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी।
एटीएस ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्ठी नेटवर्क से जुड़े पंजाब के तीन युवकों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया था। इनमें गगनदीप सिंह, रजत कुमार और क्रिश शामिल हैं। एटीएस ने खुलासा किया था कि ये लखनऊ में पुलिस या सेना के किसी जवान की हत्या करने आए थे। सूत्रों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि सैन्य ठिकानों और धार्मिक स्थलों के वीडियो-फोटो भी हैंडलर तक पहुंचाए गए थे। अंदेशा है कि इसके पीछे पाकिस्तानी हैंडलर किसी न किसी प्रतिष्ठान को भी निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।
हथियार देने वाला राजधानी का निवासी नहीं
आरोपियों को लखनऊ में ही एक शख्स ने विदेशी पिस्टल और कारतूस मुहैया कराए थे। यह शख्स भी पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर यहां पहुंचा था। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी की पड़ताल में सामने आया है कि यह शख्स लखनऊ का रहने वाला नहीं है। वह कहीं बाहर से आया था और असलहा देने के बाद यहां से चला गया। उसके बारे में कुछ अहम सुराग मिले हैं। जांच एजेंसी इन्हीं सुरागों के आधार पर पड़ताल कर रही है।
जल्द रिमांड पर लिया जाएगा
एटीएस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद एटीएस आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी देगी। रिमांड मिलने के बाद मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।