मायावती बोलीं: अखिलेश ने कहा था नहीं करुंगा पिता जैसी गलती, चुनाव हारते ही आया अहंकार और स्वार्थ
Akhilesh vs Mayawati: बसपा प्रमुख मायावती ने सपा अध्यक्ष को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने अखिलेश यादव पर स्वार्थी होने का आरोप लगाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बसपा प्रमुख मायावती ने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे गठबंधन की राजनीति में स्वार्थ साधने वाली पार्टी करार दिया है। उन्होंने कहा कि सपा गठबंधन के समय सहयोगियों को साथ लेकर अपना काम निकालती है और काम निकलते ही गिरगिट की तरह रंग बदल लेती है। मायावती ने सपा के एक प्रमुख नेता की ओर से राष्ट्रीय लोकदल और उसके नेता के खिलाफ दिए गए बयान को अपमानजनक बताते हुए पूरे जाट समाज से माफी मांगने की मांग की।
मायावती ने कहा कि सपा का राजनीतिक चरित्र विरोधी दलों के साथ ही सहयोगियों के लिए भी संकीर्णता, जातिवादी द्वेष और अविश्वास से भरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की इसी राजनीति का फायदा अक्सर भाजपा को मिला और धर्मनिरपेक्ष ताकतें कमजोर हुईं। बसपा प्रमुख ने 1993 के सपा-बसपा गठबंधन से लेकर 1995 के लखनऊ राज्य अतिथि गृह कांड और फिर 2019 के सपा-बसपा गठबंधन तक का जिक्र कर अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने पिता मुलायम सिंह यादव की पुरानी गलतियां नहीं दोहराने का भरोसा दिया, लेकिन चुनावी नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं आने पर कुछ समय बाद बसपा के प्रति वही अहंकार और स्वार्थ सामने आ गया और गठबंधन टूट गया।
सपा को सत्ता से दूर रखने की अपील
मायावती ने अखिलेश पर पिछड़े वर्ग और पंडितों को लेकर सुविधानुसार राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकारों में दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और सवर्ण समाज के हितों की अनदेखी हुई। उन्होंने प्रदेश की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में सपा को सत्ता से दूर रखने की अपील की।