जम्मू-कश्मीर: एफएए परीक्षा पर उठे सवालों के बीच जेकेएसएसबी का बड़ा फैसला, परीक्षा केंद्रों पर बढ़ेगी निगरानी
जेकेएसएसबी ने भर्ती परीक्षाओं में नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का फैसला किया है।
विस्तार
फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट (एफएए) भर्ती परीक्षा में नकल कराने की कोशिश को लेकर उठे विवाद और जवाबदेही की मांग के बीच जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने का फैसला किया है। बोर्ड ने दावा किया है कि 15 नवंबर को आयोजित परीक्षा में नकल की कोशिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया था और परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित नहीं हुई।
जेकेएसएसबी के अनुसार, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की समय पर कार्रवाई के चलते परीक्षा जम्मू-कश्मीर के सभी 20 जिलों में सुचारू रूप से आयोजित हुई। परीक्षा से पहले जम्मू में 14 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने कथित तौर पर ऐसे नेटवर्क का खुलासा किया था, जो इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों के जरिए परीक्षा केंद्रों के अंदर चुनिंदा अभ्यर्थियों तक उत्तर पहुंचाने की योजना बना रहा था।
कार्रवाई के दौरान कई वायरलेस रेडियो सेट बरामद किए गए थे। मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गईं और जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है।
आगामी परीक्षाओं में सुरक्षा व्यवस्था होगी और सख्त
बोर्ड ने बताया कि कथित नकल गिरोह के काम करने के तरीके को देखते हुए मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है और उसे और मजबूत करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत मानक संचालन प्रक्रिया को अपडेट किया जाएगा, परीक्षा केंद्रों और हॉल में प्रवेश नियंत्रण सख्त किया जाएगा तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल रोकने के लिए तकनीकी निगरानी और सुरक्षा बाधाएं बढ़ाई जाएंगी।
पहले से लागू सीसीटीवी निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, शारीरिक तलाशी, प्रवेश द्वारों पर जांच, फ्लाइंग स्क्वॉड की औचक जांच और परीक्षा सामग्री की निगरानी भी जारी रहेगी।
600 पदों के लिए 1.61 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
जेकेएसएसबी ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित और बाहरी हस्तक्षेप से मुक्त रहेगी। बोर्ड ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों मेहनत करने वाले योग्य उम्मीदवारों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
15 नवंबर को आयोजित एफएए परीक्षा जम्मू-कश्मीर में 493 परीक्षा केंद्रों पर हुई थी। इसमें 600 पदों के लिए कुल 1,61,946 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। बोर्ड ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से परीक्षा में व्यवधान डालने की कोशिश नाकाम रही।
बीजेपी ने सरकार पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
इस मामले को लेकर वरिष्ठ बीजेपी नेता पूर्णिमा शर्मा ने उमर अब्दुल्ला सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार शिक्षित बेरोजगार युवाओं के हितों और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल रही है।
उन्होंने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के प्रति समर्थन जताते हुए कथित नकल गिरोह की पूरी जांच, इसमें शामिल सभी लोगों और यदि कोई अधिकारी संलिप्त पाया जाता है तो उसकी पहचान कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री और JKSSB से जवाबदेही तय करने को कहा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और योग्य उम्मीदवारों के हितों की रक्षा उसकी प्राथमिकता है।
