विंग कमांडर अभिनंदन के भाजपा को सपोर्ट करने का सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विंग कमांडर अभिनंदन के पाकिस्तान से लौटने के बाद से ही उनपर तरह तरह की फर्जी खबरें बनने लगी हैं। कभी उनके पिता के कांग्रेस में शामिल होने की खबर आ जाती है तो कभी सोशल मीडिया पर उनके फर्जी अकाउंट के भ्रामक सूचनाएं फैलाई जाती हैं। इसी बीच आज-कल सोशल मीडिया पर एक नई बात आई है कि अभिनंदन ने सार्वजनिक रुप से भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया है।
हजारों लोग फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर पर अभिनंदन की एक फोटो शेयर कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने काला चश्मा पहना हुआ है और गले में भगवा रंग का कपड़ा लपेटा हुआ है। इस कपड़े पर भाजपा का चुनाव चिन्ह यानी कमल का फूल नजर आ रहा है। तस्वीर के साथ एक मेसेज भी शेयर किया जा रहा है कि विंग कमांडर अभिनंदन जी ने मोदी जी का समर्थन करते हुए भारतीय जनता पार्टी को वोट दिया और उन्होंने बोला कि मोदी जैसा नेतृत्व भारत और देश के लोगों के लिए सौभाग्य की बात है। यानी वर्तमान समय में मोदी जैसा दूसरा कोई नहीं है।
क्या कहती है अमर उजाला की पड़ताल?
विंग कमांडर अभिनंदन की इस तस्वीर पर अमर उजाला की पड़ताल कहती है कि इसके माध्यम से बड़ी आसानी से जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है। एक तो यह तस्वीर भी गलत है, साथ ही शेयर किया जा रहा मेसेज भी झूठ है।
इस तस्वीर के साथ लिखी जा रही बात की सच्चाई जानने के लिए केवल लोगों को इसे गौर से देखने की जरूरत है। तस्वीर अपने आप ही सारी पोल खोल रही है।
-
वायरल तस्वीर विंग कमांडर अभिनंदन की है ही नहीं। इसमें जो व्यक्ति दिख रहे हैं उन्होंने केवल अभिनंदन के जैसी मूछें रखी हुई हैं। काला चश्मा और टोपी पहने होने के कारण वो अभिनंदन जैसे दिख रहे हैं इसलिए लोगों की नजर आसानी से धोखा खा रही है। देखिए अभिनंदन वर्धमान की असली तस्वीर-
- अभिनंदन वर्धमान का जन्म तमिलनाडु में हुआ है। इसलिए मतदाता के तौर पर उनका नाम तमिलनाडु से ही रजिस्टर होना चाहिए, और वहां अबतक चुनाव हुए ही नहीं हैं। इसलिए वोट देने की बात भी सरासर गलत है।
- इसके अलावा द एयर फोर्स रूल्स 1969 के अनुसार कोई भी अफसर सेवा में रहते हुए किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकता और खुद को राजनीतिक विचारधारा से नहीं जोड़ सकता है। इसलिए अभिनंदन की तरफ से ऐसा कुछ भी होने की गुंजाइश नहीं है।
अमर उजाला की पड़ताल में यह खबर बिल्कुल गलत निकली।
आपके लिए
अगर आपको भी सोशल मीडिया में वायरल हो रही किसी खबर पर संदेह है, तो कमेंट बॉक्स में लिखें। अमर उजाला खबर, की पड़ताल करेगा और सच्चाई आपके सामने होगी।