फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Rahul's women's empowerment pitch hypocritical, says Fadnavis; calls Congress 'directionless'

सीएम फडणवीस राहुल गांधी पर हमलावर: बोले- उनका महिला सशक्तीकरण का रुख पाखंडी, कांग्रेस को बताया दिशाहीन दल

Sun, 23 Aug 2026 03:34 PM IST
Pavan पीटीआई, नागपुर
पीटीआई, नागपुर Published by: Pavan Updated Sun, 23 Aug 2026 03:34 PM IST
सार
Register For Event

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करते हैं। उन्होंने कांग्रेस को दिशाहीन बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी सिर्फ बयानबाजी तक सीमित है।

विज्ञापन
Rahul's women's empowerment pitch hypocritical, says Fadnavis; calls Congress 'directionless'
देवेंद्र फडणवीस, सीएम, महाराष्ट्र - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मंच से महिलाओं के अधिकार और पितृसत्ता के खिलाफ बोलते हैं, लेकिन संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करते हैं। फडणवीस ने कांग्रेस को दिशाहीन पार्टी बताते हुए भी निशाना साधा। सीएम फडणवीस ने रविवार को नागपुर में एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी के पुणे में छात्राओं के साथ हुए संवाद का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले भाजपा नेता चित्रा वाघ के उस सवाल का जवाब देना चाहिए, जिसमें उनसे पूछा गया है कि वह महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन क्यों नहीं करते।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- 'युवाओं का मन दूषित न करें': राहुल के 'पितृसत्ता' वाले बयान पर VHP हमलावर, पूछा- दूसरी किताबों पर कब बोलेंगे?
विज्ञापन


'बातें और काम एक-दूसरे से मेल नहीं खाते'
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी पुणे आकर महिलाओं के अधिकारों और सशक्तीकरण की बात करते हैं, लेकिन जिस विधेयक के जरिए महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिल सकता है, उसका विरोध करते हैं। फडणवीस ने इसे राहुल गांधी का 'पाखंडी रवैया' बताया। उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक व्यवस्था में संसद सबसे महत्वपूर्ण संस्थाओं में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी की बातें और उनके राजनीतिक कदम एक-दूसरे से मेल नहीं खाते। सीएम फडणवीस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी महिलाओं को अधिकार देने की बात तो करते हैं, लेकिन महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक शक्ति देने वाले कदम का समर्थन नहीं करते। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि उनके शब्द और उनके काम एक जैसे नहीं हैं'।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुणे में छात्राओं से क्या बोले थे राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने शनिवार को पुणे में अपने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत छात्राओं से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के अधिकार, पितृसत्ता और समाज में महिलाओं की स्थिति जैसे मुद्दों पर बात की। राहुल गांधी ने 'मनुस्मृति मानसिकता' पर भी निशाना साधा और महिलाओं से पितृसत्ता को खत्म करने के लिए मजबूती से आगे आने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी पर भी सवाल उठाया, जिसमें मोदी ने हाल में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ लड़कियों के कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर हैरानी जताई थी।

कांग्रेस को 'दिशाहीन पार्टी' बताया
सीएम फडणवीस ने इस दौरान कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को 'दिशाहीन पार्टी' बताते हुए कहा कि पार्टी के पास कोई स्पष्ट दिशा नहीं है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता रोज बयान और भाषण देकर टेलीविजन पर बने रहने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जमीनी स्तर पर प्रभाव कम हो गया है और पार्टी केवल बयान जारी करने तक सीमित रह गई है। सीएम फडणवीस ने कांग्रेस नेताओं को 'दिखावा करने वाला और जोर-जोर से बोलने वाला' बताते हुए कहा कि उनका काम सिर्फ भाषण देना और मीडिया में बने रहना रह गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का जमीन से संपर्क टूट चुका है।


यह भी पढ़ें- Mumbai: मुंबई में एनआरआई लड़की के हिट-एंड-रन मामले में बाइकर गिरफ्तार, इंजीनियरिंग का छात्र निकला आरोपी

‘मंथन 4 युवा’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद
सीएम फडणवीस ने इससे पहले ‘मंथन 4 युवा’ कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र और संविधान की ताकत ने उनके जैसे सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया। फडणवीस ने कहा कि राजनीति में आने के समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह नगर निगम पार्षद भी बन पाएंगे, लेकिन जनता के विश्वास के कारण वह धीरे-धीरे आगे बढ़े और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र युवाओं की सबसे बड़ी ताकत है और राजनीति सामाजिक-आर्थिक बदलाव का माध्यम है। सीएम फडणवीस ने अपने राजनीतिक संघर्षों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 20 साल की उम्र में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान वह 18 दिन बदायूं की केंद्रीय जेल में रहे थे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई का सामना किया और बाद में भी आंदोलन से जुड़े रहे।

सरकार युवाओं की पूरी मदद करेगी- फडणवीस
स्टार्टअप को बढ़ावा देने के सवाल पर सीएम फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने स्टार्टअप नीति बनाई है, फंड उपलब्ध कराए हैं और इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए हैं। अब इन्हें छोटे शहरों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों का कोई युवा नए विचार को कारोबार में बदलना चाहता है तो सरकार पूरी मदद करेगी। बच्चों के स्क्रीन टाइम पर उन्होंने कहा कि तकनीक गलत नहीं है, लेकिन इसका संतुलित इस्तेमाल जरूरी है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed