आज के दिन: वित्त मंत्री के कतर दौरे का आज आखिरी दिन, कांग्रेस की दलित-आदिवासी स्वाभिमान बैठक
नमस्कार! आज है मंगलवार, 29 सितंबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 29 सिंतबर 2026 को भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया है। वित्त मंत्री निर्माला सीतारमण के कतर दौरे का आज आखिरी दिन है। कांग्रेस की दलित-आदिवासी स्वाभिमान बैठक होगी।
वित्त मंत्री के कतर दौरे का आखिरी दिन
केंद्रीय वित्त निर्मला सीतारमण के कतर दौरे का आज आखिरी दिन है। वित्त मंत्री तीन दिन के दौरे पर कतर पहुंची हैं। उन्होंने सोमवार को एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की 11वीं वार्षिक बैठक में हिस्सा लिया। भारत इस बैंक का दूसरा सबसे बड़ा शेयरधारक है। वित्त मंत्री के कतर सरकार के नेतृत्व से मुलाकात करने और कतर के व्यापारिक नेताओं और निवेशकों के साथ चर्चा करने की उम्मीद है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का समापन
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आज आखिरी दिन है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे इस आयोजन का आगाज 25 सितंबर को हुआ था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसका उद्घाटन किया था। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का ये चौथा संस्करण है। इस आयोजन के शुरुआती तीन दिनों में ही 4.74 लाख लोग पहुंच चुके हैं। यह 2025 में पूरे पांच दिन में आए 5.07 लाख आगंतुकों का करीब 93.5 फीसदी है।
कांग्रेस की दलित-आदिवासी स्वाभिमान बैठक
कांग्रेस आज दिल्ली में 'दलित-आदिवासी स्वाभिमान बैठक' आयोजित करेगी। पार्टी के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अगस्त में उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद कथित तौर पर किए गए शुद्धिकरण अनुष्ठान समेत अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदायों से जुड़े मामलों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम दिल्ली के मावलंकर हॉल, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में होगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक आज दिल्ली में होगी। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों की आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खरगे इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल समेत कई अन्य नेता भी इस बैठक में हिस्सा ले सकते हैं।
आठवें वेतन आयोग को लेकर पेंशनरों का प्रदर्शन
नेशनल कोआर्डिनेशन कमेटी ऑफ पेंशनर्स एसोसिएशन के आह्वान पर देश भर के पेंशनर्स आज प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आठवें वेतन आयोग के गठन और उसकी संदर्भ की शर्तों में कई खामियां हैं। ये प्रदर्शन इन्हीं खामियों के विरोध में हो रहा है।