हरियाणा: एचपीएससी का रिजल्ट घोषित, सोनीपत के अभिषेक सरोहा ने किया टॉप
हरियाणा लोक सेवा आयोग ने एचपीएससी का रिजल्ट घोषित कर दिया है। सोनीपत के अभिषेक सरोहा ने पूरे प्रदेश में टॉप किया है।
विस्तार
हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने साक्षात्कार के चार घंटे बाद ही एचसीएस और संबद्ध सेवाओं के अभ्यर्थियों के विस्तृत अंक जारी कर दिए। सोनीपत के अभिषेक सरोहा 394.50 अंक के साथ टॉपर रहे हैं। दूसरे नंबर पर आए हिसार के कुलदीप को 392.90 अंक और तीसरे नंबर पर लखनऊ की ईशा काला को 388.60 अंक मिले हैं। अब इन अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी होगी। आयोग के अनुसार अगले दो-तीन दिन में एचसीएस और संबद्ध सेवाओं का फाइनल रिजल्ट जारी किया जा सकता है।
एचसीएस और संबद्ध सेवाओं के 102 पदों के लिए करीब 93 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से लगभग 52 हजार ने प्रारंभिक परीक्षा दी। 26 अप्रैल को हुई प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम चार मई को आया। इसके बाद 20 मई को श्रेणीवार और एक जून को संशोधित परिणाम जारी किया गया। मुख्य परीक्षा 27 से 29 जून के बीच हुई, जिसमें सफल रहे 1200 से अधिक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार और व्यक्तित्व परीक्षण के लिए बुलाया गया।
साक्षात्कार की प्रक्रिया वीरवार दोपहर करीब तीन बजे पूरी हुई। इसके लगभग साढ़े चार घंटे बाद शाम साढ़े सात बजे आयोग ने अभ्यर्थियों के विस्तृत अंक सार्वजनिक कर दिए। अंक रोल नंबर के साथ जारी किए गए हैं। एचसीएस की परीक्षा दो साल बाद हुई थी।