यूपी: चोरों की इस हरकत से उड़ी पुलिस की नींद, पकड़ने के लिए डीआईजी ने बनाई छह टीम
गोरखपुर के चौरी चौरा इलाके के फुटहवाइनार चौराहे के पास हाईवे पर बुधवार की भोर में लगातार दूसरे दिन बदमाशों ने खड़े ट्रक को निशाना बनाया। ट्रक का तिरपाल काट कर बदमाश 11 गत्ता बिस्किट चुरा ले गए।
हाईवे पर लगातार दूसरे दिन हुई घटना से डीआईजी जोगेंद्र कुमार काफी खफा हैं। उन्होंने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई हैं।
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर से एक कंपनी का बिस्किट लादकर ट्रक चालक देवरिया के रुद्रपुर जा रहा था। नींद आने पर वह फुटहवाइनार में स्थित महाजन महिला महाविद्यालय के पास ट्रक खड़ा कर सो गया।
भोर में तकरीबन चार बजे बदमाश ट्रक का तिरपाल काटकर 11 गत्ता बिस्किट उठा ले गए। ट्रक में सो रहे चालक की नींद खुली तो उसने पुलिस को सूचना दी। पीआरवी और थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
इसके पहले रिफाइंड तेल लूट ले गए थे बदमाश
चौरी चौरा क्षेत्र के भोपा बाजार में मंगलवार की भोर में बदमाश ट्रक चालक को असलहा सटा कर डेढ़ लाख रुपये का रिफाइंड तेल लूट ले गए थे। कार सवार बदमाश लूट कर शहर की तरफ फरार हो गए थे। लूट की घटना के बाद मंगलवार की रात पुलिस गश्त पर थी, इसके बावजूद बदमाश दूसरी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
डीआईजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने कहा कि लूट और चोरी की घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं। एसपी नार्थ वहीं पर कैंप करेंगे, जब तक की घटना का पर्दाफाश ना हो जाए। पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।