अमर उजाला की पड़ताल: जन सेवा केंद्रों ने सहज की सरकारी योजनाओं का लाभ पाने की राह, तय फीस से अधिक हो रही वसूली
कुछ केंद्रों पर तय फीस से अधिक वसूली की शिकायत, ज्यादातर से किसान और ग्रामीण संतुष्ट, गोरखपुर जिले में संचालित हो रहे 2600 जन सेवा केंद्र, मामूली फीस पर कई सेवाओं के लिए कर सकते हैं आवेदन।
विस्तार
जाति, आय, निवास व पेंशन समेत तमाम सरकारी योजनाओं के आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन किए जाने की सरकार की व्यवस्था को जिले के सहज जन सेवा केंद्र सरल बना रहे हैं। इन केंद्रों से सर्वाधिक सहूलियत अशिक्षित ग्रामीणों और किसानों को मिल रही है। जगह-जगह इन केंद्रों के खुलने से लोगों को लेखपालों और तहसील समेत तमाम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। अमर उजाला की पड़ताल में कुछ केंद्रों पर तय फीस से अधिक रुपये वसूलने की शिकायत अलबत्ता आई मगर ज्यादातर केंद्रों की सेवाओं से लोग संतुष्ट नजर आए। कुछ जगहों पर खराब नेटवर्क की वजह से इंटरनेट संबंधी समस्या भी सामने आई।
ई-डिस्ट्रिक्ट प्रभारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 2600 जन सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं। जाति, आय व निवास प्रमाणपत्र के लिए 30 रुपये फीस तय है। इसी तरह हैसियत प्रमाणपत्र के लिए 110 रुपये। सभी सेवाओं के लिए केंद्रों के बाहर फीस निर्धारित की गई है। यदि कोई अधिक रुपये मांगता है तो इसकी शिकायत कलेक्ट्रेट स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय या तहसीलों में की जा सकती है, जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
गगहा : समय से खुला केंद्र, खतौनी के लिए लगे 30 रुपये
राजगढ़। गगहा क्षेत्र के राजगढ़ चौराहे पर स्थित लक्की फोटो स्टूडियो के नाम से संचालित सहज जन सेवा केंद्र सुबह नौ बजे खुल गया। केंद्र पर पहुंचे राजगढ़ के एक व्यक्ति को खतौनी की जरूरत थी। संचालक ने जरूरी जानकारी मांगी और खतौनी की कॉपी दे दी। 30 रुपये फीस ली। संचालक अजय ने बताया कि ज्यादातर लोग जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र, खतौनी व पेंशन आदि के लिए आते हैं। कोविड के मद्देनजर केंद्र पर सोशल डिस्टेंसिंग के लिए लोगों से अनुरोध किया जाता है।
पिपराइच : तत्काल हाथ में मिली खतौनी, 30 रुपये लगे
पिपराइच क्षेत्र के कैथवलिया चौराहे पर स्थित शिवाय डिजिटल कंप्यूटर जोन के नाम से चल रहे सहज जन सेवा केंद्र पर कमलेश तिवारी ने खतौनी की नकल निकाले तो 30 रुपया चार्ज लगा। दुकान समय से खुल गई थी। केंद्र संचालक सर्वेश पति त्रिपाठी लोगों से दूरी बनाकर खड़े रहने का अनुरोध करते मिले। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के ज्यादातर लोग यहीं पर आवेदन के लिए आते हैं। दुकान सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खुली रहती है।
सहजनवां : पंजीकरण के नाम पर वसूल रहे 80 रुपये
सहजनवां। इलाके के कुछ स्थानों पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर तय फीस से अधिक धनराशि वसूली जा रही है। नगर पंचायत केशवपुर निवासी चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू का कहना है कि श्रम विभाग का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए वे जन सेवा केंद्र गए थे। वहां रजिस्ट्रेशन के नाम पर उनसे सौ रुपये लिए गए जबकि बाद में पता चला कि यह निशुल्क हैं।
नेवास गांव निवासी सफीदुन का कहना है कि एक जन सेवा केंद्र संचालक द्वारा बरुहुआ गांव में ही कैंप लगाया गया था जिसमें श्रम योजना के तहत लाभार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा था। जितने भी लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया उनसे 80-80 रुपये लिए गए। बड़गहन गांव निवासी रामराज से सहजनवां जन सहज सेवा केंद्र पर श्रम कार्ड के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 50 रुपये लिए गए। हालांकि केंद्र संचालक इससे इनकार कर रहे हैं। तेनुहारी गांव निवासी झीनक ने आरोप लगाया कि सहजनवां नगर पंचायत स्थित जनसेवा केंद्र पर जाति, आय, निवास व राशन कार्ड यानी चार सेवाओं के आवेदन के लिए 250 रुपये लिए गए। मगर केंद्र के संचालक रोहित गौड़ ने कहा कि किसी से भी अधिक फीस नहीं ली जाती है। जांच करा सकते हैं।
पाली : सहज जनसेवा केंद्र पर हुआ लोगों का काम आसान
सहजनवां पाली ब्लॉक के निबियहवा चौराहा स्थित सहज जनसेवा केंद्र पर कुछ लोग किसान सम्मान निधि पाने के लिए सहज जन सेवा केंद्र आये थे। मगर इंटरनेट न चलने से परेशान थे।
केंद्र संचालक धर्मेंद्र सिंह का कहना था कि रोजाना 15 से 20 लोग श्रम कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री सम्मान निधि, राशन कार्ड, आय, जाति, निवास आदि प्रमाणपत्र बनवाने आते हैं। कुछ काम में सरकारी फीस लगती है जब कि कुछ में नहीं। केंद्र पर मौजूद ग्रामीण हरिराम निषाद ने कहा कि ग्राहक सेवा केंद्र बन जाने से समय और पैसे की बचत हो जा रही है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ पाना आसान हो गया है।
सहज जनसेवा केंद्र भीटी रावत में भरपुरवा गांव की किसमती देवी श्रम कार्ड बनवाने पहुंची थीं। पूछने पर बताया कि केंद्र से काफी मदद मिल रही है। पहले बहुत भागदौड़ करनी पड़ती थी। केंद्र संचालक सुभाष का कहना है की सेंटर चलाने में बहुत सारा खर्च है। सरकार से मिलने वाला कमीशन बहुत कम है।
चौरीचौरा: अब आवेदन के लिए भटकना नहीं पड़ता
बाल खुर्द स्थित ओम सांई फोटो कॉपी के नाम से चल रहे सहज जन सेवा केंद्र पर धान क्रय के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराने पहुंचे मीठाबेल के अभिनव दुबे ने बताया कि यहां सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब आवेदन के लिए भटकना नहीं पड़ता है। बताया कि उनका पंजीकरण हो गया है। बदले में केंद्र प्रभारी ने 50 रुपये फीस ली। वे केंद्र की सेवा से पूरी तरह संतुष्ट हैं। माड़ापार की सरस्वती ने बताया कि राशन कार्ड से मेरे पति का नाम कट गया है। ऑनलाइन आवेदन करने आईं थी। आसानी से काम हो गया। बकसुड़ी के रामनाथ ने बताया कि राघोपुर के जन सेवा केंद्र पर राशन कार्ड ऑनलाइन कराया है। 30 रुपये चार्ज लगा है। केंद्र संचालक विनय चौरसिया ने बताया कि सुबह नौ से शाम पांच बजे तक केंद्र खुला रहता है। राघोपुर के केंद्र संचालक ने बताया कि निर्धारित रेट लिस्ट केंद्र पर लगाई गई है।
इन विभागों की सेवाओं के लिए किए जा सकते हैं आवेदन
ई-डिस्ट्रिक्ट प्रभारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि सहज जन सेवा केंद्रों से जन शिकायत सेवा (आईजीआरएस), राजस्व विभाग, पंचायतीराज विभाग, समाज कल्याण, नगरीय विकास विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, प्रशिक्षण और रोजगार, श्रम विभाग, खाद्य एवं औषधि विभाग, वाणिज्य कर विभाग, धर्मार्थ कार्य विभाग, ऊर्जा विभाग, मनोरंजन कर विभाग, पुलिस विभाग, प्राविधिक शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, स्टांप और पंजीकरण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, पशुपालन विभाग, राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, डेयरी विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग, विधिक माप विज्ञान, आबकारी विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, आवास और शहरी नियोजन विभाग, उप्र अग्निशमन विभाग, उप्र मत्स्य विभाग, भूगर्भ जल विभाग, उप्र राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड, कृषि विभाग आदि।