EXCLUSIVE: यूपी के रमाकांत को मिला सलमान खान का सहारा, अब बंधी कैंसर पीड़ित पत्नी के इलाज की उम्मीद
महाराजगंज, भदोही, उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और यहां मुबंई में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में स्पॉटब्वॉय का काम करने वाले रमाकांत जायसवाल की कैंसर पीड़ित पत्नी की मदद के लिए सलमान खान के फाउंडेशन बीईंग ह्यूमन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अमर उजाला ने दो जुलाई को रमाकांत की सलमान खान के घर के बाहर जाकर गुहार लगाने की खबर प्रकाशित थी। बुधवार को रमाकांत के पास बीईंग ह्यूमन के संचालकों का फोन पहुंच गया।
फिल्म इंडस्ट्री के सीनियर स्पॉट ब्वॉय रमाकांत जायसवाल की पत्नी को कैंसर है। उनका इलाज वह मुंबई के टाटा मेमोरियल सेंटर में चल रहा है। रमाकांत के मुताबिक डॉक्टरों ने उनकी पत्नी के इलाज में कम से कम दो लाख रुपये लगने की बात कही है और इतना पैसा उनके पास है नहीं। कोरोना काल में शूटिंग बंद होने से पहले वह अपनी पूरी मासिक आमदनी अपनी पत्नी के इलाज पर खर्च कर रहे थे। अब, वह जरिया भी उनके पास से चला गया।
रमाकांत ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडियन सिने एम्पलॉइड से मदद मांगी थी तो पहले तो कहा गया कि उनका मामला बीईंग ह्यूमन के पास भेज दिया गया है। लेकिन, दोबारा फरियाद करने पर उनके फेडरेशन से संबंधित किसी यूनियन का सदस्य न होने की बात उनसे कह दी गई। इसी के अगले दिन रमाकांत सुबह सुबह सलमान खान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंच गए। वहां चौकीदारों ने उनसे दुर्व्यहार किया तो उन्होंने ये पूरा किस्सा अमर उजाला को बताया।
दो जुलाई को इस बारे में अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए सलमान खान के फाउंडेशन बीईंग ह्यूमन की प्रतिनिधि लोरेटा ने बुधवार को रमाकांत से बात की है। लोरेटा ने इस बारे में अमर उजाला को फोन करके भी मामले की अब तक की प्रगति से अवगत कराया।
बाइस्कोप: मौत से हफ्ता भर पहले दिखा था दिव्या भारती का ये दिलकश अंदाज, इस फिल्म में जमा आखिरी 'रंग'