पोस्टर रिलीज: रामायण की दुनिया में वापस लौटा यह अभिनेता, मेकर्स ने जारी किया पहला लुक; जानें कौन
Arun Govil in Ramayana Poster: फिल्म ‘रामायण’ में अभिनेता अरुण गोविल खास किरदार निभाते नजर आएंगे। 80 के दशक में सीरियल 'रामायण' से घर-घर मशहूर हुए एक्टर अब इस खास रोल में दर्शकों के पुराने दिनों की यादें ताजा करेंगे।
विस्तार
रामानंद सागर के धारावाहिक ‘रामायण’ में अभिनेता अरुण गोविल ने भगवान राम का किरदार निभाया था। उनके अभिनय ने दर्शकों के दिल में गहरी छाप छोड़ दी थी। मगर अब वह जल्द फिल्म ‘रामयण’ में नजर आने वाले हैं। मेकर्स ने पोस्टर जारी कर इस बात की जानकारी फैंस को दी है।
किस रोल में दिखेंगे अरुण?
अभिनेता अरुण गोविल ने रमानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम का किरदार निभाया था। मगर नितेश तिवारी की 'रामायण' में वह राजा दशरथ के किरदार में नजर आएंगे। मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर सोशल मीडिया पर रिलीज किया है। इस पोस्टर में वह अयोध्या के राजा की वेशभूषा में सिंहासन पर बैठे हुए हैं। यकीनन इतने साल बाद अरुण को दोबारा 'रामायण' के जुड़े पात्र के रूप में देखना कई दर्शकों के लिए अपने आप में एक भावुक पल होगा।
पोस्टर को दिया खास कैप्शन
मेकर्स ने इस फोटो के साथ एक खास कैप्शन में लिखा, ‘उन्होंने एक पीढ़ी के लिए राम को जीवंत किया था। अब, वे अयोध्या के राजा के रूप में रामायण की दुनिया में लौट रहे हैं। अरुण गोविल राजा दशरथ के रूप में।’
इस कैप्शन से निर्माताओं ने फैंस से कहा है कि रमानंद सागर ने अरुण गोविल को राम के रूप में कास्ट कर एक पीढ़ी पर छाप छोड़ी थी। अब इस फिल्म में अरुण गोविल को राजा दशरथ के किरदार में कास्ट कर मेकर्स ने दो पीढ़ियों को महाकाव्य 'रामायण' से जोड़ा है।
फिल्म रामायण पार्ट 1 के बारे में
- फिल्म 06 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
- इसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।
- फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में हैं।
- एक्ट्रेस साई पल्लवी फिल्म में माता सीता का किरदार निभा रही हैं।
- वहीं रवि दुबे इसमें लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।