सुखबीर बादल बोले- ज्यादती करने वाले अधिकारियों के नाम नोट हैं, सरकार आने पर सबका हिसाब होगा
शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने अकाली दल के तीन उम्मीदवारों के नामांकन रद्द करवा दिए हैं। लेकिन नगर निगम में कांग्रेस के जो पार्षद जीतकर आएंगे, उनका कार्यकाल कुछ माह का होगा, क्योंकि 2022 में पंजाब में अकाली दल की सरकार आनी है और उसके बाद पूरे शहर में अकाली पार्षद विकास कार्य करवाएंगे।
बादल ने कहा कि अबोहर का विकास जाखड़ परिवार के कारण नहीं हो सका, क्योंकि जाखड़ ने लोगों पर झूठे पर्चे करवाने के अलावा शहरवासियों के लिए कोई भी नेक कार्य नहीं किया। 2022 में अकाली दल की सरकार बनाने से पहले नगर निगम में अपना बोर्ड बनाना जरूरी है, ताकि अपनी सरकार आने पर शहर के अधूरे पड़े विकास कार्य पूरे करवाए जा सकें।
उन्होंने कहा कि वर्कर मीटिंग के बाद वे शीघ्र ही वार्ड वाइज दौरा कर लोगों के घर-घर जाएंगे। इतना ही नहीं वोटिंग के दिन वे खुद अबोहर में रहेंगे और अगर कांग्रेस ने जबरदस्ती करने की कोशिश की तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंजाब में अकाली दल की सरकार आते ही बंद की गई आटा-दाल जैसी लोक कल्याणकारी योजना शुरू की जाएगी।
कार्यकर्ताओं से धक्केशाही बर्दाश्त नहीं : सुखबीर
उधर, गिद्दड़बाहा नगर काउंसिल चुनाव में वार्ड नंबर 10 और 16 से शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द हो गए हैं। इस पर रोष जताते हुए शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेता हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों के नेतृत्व में एसडीएम दफ्तर के समक्ष धरना दिया।
धरने में सुखबीर सिंह बादल पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, एसडीएम गिद्दड़बाहा और डीएसपी के खिलाफ नारेबाजी की। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कानून के दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकारें तो आती-जाती रहती हैं। अकाली दल के उम्मीदवारों पर कोई भी आंच नहीं आने दी जाएगी और इसका खामियाजा कांग्रेसियों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा जो अधिकारी अकाली कार्यकर्ताओं के साथ ज्यादती कर रहे हैं, उनके नाम उन्होंने नोट कर लिए हैं। अकाली दल की सरकार आने पर सबसे हिसाब किया जाएगा।
कानूनी प्रक्रिया के चलते रद्द हुए नामांकन : वडिंग
शिअद के धरने के बाद एसडीएम दफ्तर के समक्ष कांग्रेसियों को संबोधित करते हुए विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि सुखबीर बादल कानूनी तौर पर रद्द होने वाले नामांकन पत्रों को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। वे सुखबीर सिंह बादल को याद दिलाना चाहते हैं कि पिछले नगर काउंसिल चुनाव के दौरान अकाली दल के नेताओं की तरफ से बूथ कैप्चरिंग की गई थी।
कांग्रेस उम्मीदवारों का अपहरण किया गया था, तब लोकतंत्र कहां था। उन्होंने सुखबीर बादल से कहा कि उनके पास ऐसी कौन सी डायरी है जो कभी भरती ही नहीं है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 10 सीटें भी नहीं मिलेंगी।