पठानकोट: सेना की वर्दी में संदिग्ध को आर्मी ने पकड़ा
पठानकोट में एयरफोर्स बेस पर दो दिन पहले हुए आतंकी हमले के बाद सक्रिय हुई आर्मी ने चक्की बैंक से एक व्यक्ति को उठाया है। वह सेना की वर्दी में था और अपने दोस्त के साथ मोबाइल खरीदने आया था। आतंकी होने के शक में उसे उठाया गया है।
आतंकी हमले के चलते आर्मी ने पठानकोट के साथ लगते कस्बों, बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। इस दौरान हर सेना की वर्दी में दिख रहे लोगों से आईडी कार्ड दिखाने को बोला जा रहा है।
इसी बीच सेना की वर्दी पहने दो लोग चक्की बैंक में मोबाइल खरीदने पहुंचे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आर्मी ने उन्हें घेरकर गोलीबारी शुरू कर दी।
एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने में कामयाब हो गया। घायल व्यक्ति को आर्मी ने हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि आतंकी हमले को अंजाम देने वाले आतंकी भी सेना की वर्दी डालकर ही आए थे।
मनवाल इलाके में 2 संदिग्ध दिखे
पठानकोट के मनवाल इलाके में 2 संदिग्धों द्वारा एक राहगीर से लूट किए जाने की खबर मिली है। सूचना मिलने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और इनकी तलाश की जा रही है। बता दें कि इससे पहले आतंकवादियों द्वारा की गई 2 वारदातें इस लूट जैसी ही है। लूट की इस वारदात सुबह 4:45 पर अंजाम देने की कोशिश की गई।
लुटेरों ने राहगीर से मोबाइल मांगा लेकिन उस व्यक्ति के पास मोबाइल नहीं था। इससे पहले दीनानगर आतंकवादी हमले के समय भी बिल्कुल इसी समय पर आतंकवादियों ने कार्रवाई की थी, जबकि पठानकोट हमले से पहले भी आतंकवादी सुबह 5 बजे के आसपास सक्रिय हुए थे।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह मान कर चल रही हैं कि संदिग्ध उन आतंकवादियों के साथी हो सकते हैं, जो एयरफोर्स स्टेशन अंदर घुसे हुए हैं। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं की जा सकती कि लूट का प्रयास करने वाले आतंकवादी है या नहीं।