{"_id":"6ad5baa47a247b02690733fb","slug":"coaching-clash-class-11-student-attacked-with-pistol-security-concerns-rise-2026-10-19","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"पढ़ाई करने आए थे कोटा, क्लासरूम में बैग से निकाली पिस्तौल, कोचिंग सेंटर की घटना से उठे सुरक्षा पर सवाल","category":{"title":"Bizarre News","title_hn":"हटके खबर","slug":"bizarre-news"}}
पढ़ाई करने आए थे कोटा, क्लासरूम में बैग से निकाली पिस्तौल, कोचिंग सेंटर की घटना से उठे सुरक्षा पर सवाल
Mon, 19 Oct 2026 01:06 PM IST
दीक्षा पाठक
फीचर डेस्क, अमर उजाला
फीचर डेस्क, अमर उजाला
Published by: दीक्षा पाठक
Updated Mon, 19 Oct 2026 01:06 PM IST
Viral Video: राजस्थान के कोटा स्थित एक इंस्टीट्यूट कैंपस में 11वीं के दो छात्रों के बीच विवाद हिंसक हो गया। एक छात्र पर बैग से पिस्तौल निकालकर दूसरे पर हमला करने का आरोप है। घटना में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है। सोशल मीडिया पर फायरिंग के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।
विज्ञापन
कोचिंग में अचानक क्यों मचा हड़कंप?
- फोटो : एक्स@vuiggo
विस्तार
राजस्थान के कोटा में पढ़ाई करने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। यहां एक इंस्टीट्यूट के कैंपस में 11वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया। आरोप है कि एक छात्र ने अपने बैग से पिस्तौल निकाली और दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। इस घटना में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, घटना में गोली चली थी या नहीं, इस बारे में पुलिस की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन
छात्रा को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर बिगड़ी बात
शुरुआती जानकारी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक दोनों छात्र एक ही कक्षा में पढ़ते हैं। बताया जा रहा है कि एक छात्रा को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर उनके बीच बहस हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
विज्ञापन
दावा किया जा रहा है कि इसी दौरान एक छात्र ने अपने बैग से पिस्तौल निकाल ली और दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। घटना के समय क्लासरूम में दूसरे छात्र भी मौजूद थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद छात्र घबरा गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि, विवाद की असली वजह और घटना के पूरे हालात की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर फायरिंग का दावा, पुलिस की पुष्टि का इंतजार
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है। कई पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि छात्र ने अपने बैग से पिस्तौल निकालकर सहपाठी को गोली मार दी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को पूरी तरह सही मानना जल्दबाजी होगी। इस घटना के बाद कोटा के कोचिंग संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर पढ़ाई के लिए आने वाले छात्रों के बीच इस तरह की हिंसक घटना कैसे हो गई और कैंपस में सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं।
यूजर ने कोचिंग की सुरक्षा पर उठाए सवाल
सोशल मीडिया यूजर सचिन फगाना ने भी इस घटना को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'कोटा की कोचिंग में खून खराबा। एक लड़के के हाथ मे बंदूक दिखाई दे रही है और एक लड़के के खून बह रहा है। राजस्थान की सबसे असुरक्षित कोचिंग है फिर भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं होती।' इस पोस्ट के बाद घटना को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई। फिलहाल मामले में जांच जारी है। घटना में गोली चली थी या नहीं और विवाद के पीछे की असली वजह क्या थी, इन सवालों के जवाब सामने आना बाकी है।