अब सीधे कार से करें बात: वॉल्वो ने पेश किए XC40, EX40 और EC40 के नए अवतार; एआई से सेफ्टी तक क्या हुए बदलाव?
वॉल्वो कार्स ने अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी रेंज XC40, EX40 और EC40 का ग्लोबल मिड-लाइफ अपडेट पेश कर दिया है। इस अपडेट के तहत कंपनी ने एक्सटीरियर डिजाइन में हल्के बदलाव करने के साथ केबिन में नेक्स्ट-जेनरेशन गूगल एआई असिस्टेंट और एडवांस्ड सेफ्टी सेंसर प्लेटफॉर्म जोड़ा है। इसके अलावा कारों में नया इंफोटेनमेंट सिस्टम और कई टेक्नोलॉजी अपग्रेड भी किए गए हैं। आइए जानते हैं इन तीनों मॉडल्स में क्या-क्या नए बदलाव किए गए हैं।
विस्तार
वॉल्वो ने अपनी 40-सीरीज के XC40, EX40 और EC40 मॉडल्स के अपडेटेड वर्जन पेश किए हैं। कंपनी ने इस अपडेट में डिजाइन को ज्यादा बदले बिना कारों की टेक्नोलॉजी, इंफोटेनमेंट और सेफ्टी को बेहतर करने पर फोकस किया है। इन तीनों मॉडल्स में नया एक्सटीरियर डिजाइन, बड़ा 11.2-इंच इंफोटेनमेंट डिस्प्ले, वॉल्वो कार यूएक्स, गूगल जेमिनी और नई सेफ्टी टेक्नोलॉजी दी गई है।
फ्रंट में मिला नया डिजाइन
- तीनों मॉडल के फ्रंट हिस्से में अपडेट किया गया है। इनमें थॉर्स हैमर सिग्नेचर वाले मैटरिक्स एलईडी हेडलैंप, नया फ्रंट बंपर, ग्रिल, बोनट और फ्रंट विंग डिजाइन शामिल हैं।
- XC40 को नई ग्रिल दी गई है, जबकि EX40 और EC40 में ब्लैक-आउट फिनिश देखने को मिलती है। इससे तीनों मॉडल्स की पहचान एक-दूसरे से अलग नजर आती है।
XC40 और EX40 के रियर में भी बदलाव
- इसके अलावा रियर डिजाइन में बदलाव XC40 और EX40 में किए गए हैं। दोनों मॉडल में नए LED टेल-लैंप, अपडेटेड टेलगेट और नया रियर बंपर दिया गया है।
- EC40 का कूपे-जैसा रियर डिजाइन पहले की तरह रखा गया है। इसके अलावा तीनों मॉडल के लिए नए अलॉय व्हील डिजाइन पेश किए गए हैं। XC40 में अब 18, 19 और 20 इंच के व्हील विकल्प मिलते हैं।
ब्लैक एडिशन भी हुई उपलब्ध
- साथ ही कंपनी ने ग्राहकों के लिए नया ब्लैक एडिशन का विकल्प भी पेश किया है। इसमें एक्सटीरियर के कई हिस्सों पर ब्लैक फिनिश दी गई है, जिससे कार को ज्यादा स्पोर्टी और प्रीमियम लुक मिलता है।
- अब केबिन में सबसे बड़ा बदलाव इंफोटेनमेंट सिस्टम में देखने को मिलता है। अपडेटेड मॉडल्स में 11.2-इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है। इसके साथ वॉल्वो का नया कार यूएक्स मिलता है, जिसे ज्यादा आसान और पर्सनलाइज्ड बनाया गया है। इसका इंटरफेस ड्राइवर को जरूरी ऐप्स और फीचर्स तक कम टैप में पहुंचने में मदद करता है।
- कंपनी ने केबिन के लिए नई प्रीमियम अपहोल्स्ट्री और डेकोर विकल्प भी पेश किए हैं। इसके अलावा वायरलेस फोन चार्जिंग सिस्टम को भी अपडेट किया गया है।
गूगल जेमिनी से होगी ज्यादा नेचुरल बातचीत
- बता दें कि अपडेटेड 40-सीरीज की सबसे बड़ी तकनीकी खासियत इसकी गूगल जेमिनी है। यह एआई असिस्टेंट ड्राइवर को कार के साथ ज्यादा नेचुरल तरीके से बातचीत करने की सुविधा देता है।
- जेमिनी की मदद से ड्राइवर यात्रा की प्लानिंग, डेस्टिनेशन से जुड़ी जानकारी और मैसेज जैसी चीजों के लिए वॉयस कमांड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वॉल्वो के मुताबिक, यह सिस्टम पुराने फिक्स्ड वॉयस कमांड की तुलना में बातचीत के संदर्भ और यूजर की जरूरत को बेहतर तरीके से समझने के लिए डिजाइन किया गया है।
- हालांकि, गूगल जेमिनी की उपलब्धता देश, मॉडल ईयर, वाहन और गूगल अकाउंट के हिसाब से अलग हो सकती है।
गूगल सेफ्टी में भी हुआ बड़ा अपडेट
- इसके साथ ही वॉल्वो ने XC40, EX40 और EC40 की एक्टिव सेफ्टी टेक्नोलॉजी को भी अपग्रेड किया है। कंपनी के मुताबिक, कारें संभावित टक्कर की स्थिति में सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के लिए नई सेंसर और कैमरा टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करती हैं। इनमें नए फ्रंट और कॉर्नर रडार, नया फ्रंट कैमरा, रियर कॉर्नर रडार और अतिरिक्त अल्ट्रासोनिक सेंसर शामिल हैं।
- इसके अलावा ऑप्शनल पायलट असिस्ट, लेन चेंज असिस्ट और अपग्रेडेड 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स भी उपलब्ध हैं। नया 360-डिग्री कैमरा 3D व्यू देने में सक्षम है, जिससे पार्किंग और कम स्पीड पर कार को चलाना आसान होता है।
ओटीए अपडेट से समय के साथ बेहतर होंगी कारें
- वॉल्वो इन कारों को सिर्फ हार्डवेयर के स्तर पर ही अपडेट नहीं कर रही है। कंपनी ओवर-द-एयर यानी ओटीए अपडेट के जरिए समय-समय पर नए सॉफ्टवेयर और फीचर्स भी उपलब्ध कराएगी।
- वॉल्वो पहले ही लाखों कारों में नया Car UX OTA अपडेट के जरिए पहुंचा चुकी है। XC40, EX40 और EC40 भी इस सॉफ्टवेयर अपग्रेड का हिस्सा हैं।
XC40 में 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन
- पावरट्रेन की बात करें तो XC40 पेट्रोल इंजन के साथ उपलब्ध है। इसमें 2.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के अलग-अलग पावर ट्यूनिंग विकल्प मिलते हैं।
- लोअर-स्पेक वर्जन में 163hp और 265Nm का आउटपुट मिलता है, जबकि हायर-स्पेक वर्जन 197hp और 300Nm का टॉर्क जनरेट करता है। पावर को 7-स्पीड DCT के जरिए फ्रंट व्हील्स तक भेजा जाता है।
EX40 और EC40 में इलेक्ट्रिक पावरट्रेन
- EX40 और EC40 पूरी तरह इलेक्ट्रिक मॉडल हैं। ग्लोबल लाइनअप में इन दोनों के लिए अलग-अलग बैटरी और मोटर कॉन्फिगरेशन उपलब्ध हैं।
- वेरिएंट के अनुसार इनमें रियर-माउंटेड सिंगल मोटर या डुअल-मोटर सेटअप मिलता है। डुअल-मोटर सेटअप AWD को सक्षम बनाता है। परफॉर्मेंस वर्जन में पावर 442hp तक पहुंचती है।
- रेंज की बात करें तो वॉल्वो के नए अपडेट के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार EX40 के लिए 357 मील यानी करीब 575 किमी और EC40 के लिए 363 मील यानी करीब 584 किमी तक की WLTP रेंज बताई गई है। कंपनी ने साफ किया है कि ये आंकड़े टेस्टिंग परिस्थितियों पर आधारित हैं और वास्तविक रेंज अलग हो सकती है।
भारत में क्या बदलेगा?
वॉल्वो के ये अपडेटेड मॉडल ग्लोबल मार्केट के लिए पेश किए गए हैं। भारत में उपलब्ध मॉडल, वेरिएंट और फीचर्स अलग हो सकते हैं। कंपनी खुद भी बताती है कि फीचर्स और सेवाओं की उपलब्धता बाजार के हिसाब से बदल सकती है।
भारत में वॉल्वो की EC40 पहले से उपलब्ध है और कंपनी की वेबसाइट पर इसका नया मॉडल ईयर भी सूचीबद्ध है। भारत में इसकी अनुमानित WLTP रेंज 551 किमी तक बताई गई है।
क्या खास है नया अपडेट?
- कुल मिलाकर वॉल्वो ने XC40, EX40 और EC40 में बड़े कॉस्मेटिक बदलाव के बजाय टेक्नोलॉजी और सेफ्टी पर ज्यादा फोकस किया है।
- नया मैटरिक्स एलईडी लाइटिंग डिजाइन, अपडेटेड बंपर, नई ग्रिल, 11.2-इंच स्क्रीन,वोल्वो कार यूएक्स, गूगल जेमिनी, बेहतर एडीएएस और ओटीए अपडेट इन तीनों मॉडल्स को पहले से ज्यादा आधुनिक बनाते हैं।
- खास तौर पर गूगल जेमिनी और नया इंफोटेनमेंट सिस्टम वॉल्वो की इन कारों को एआई और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी के लिहाज से ज्यादा स्मार्ट बनाते हैं। साथ ही OTA अपडेट का मतलब है कि कारों के फीचर्स समय के साथ सॉफ्टवेयर के जरिए बेहतर होते रहेंगे।