लॉन्च से पहले सामने आई JSW कॉम्बैट की डिटेल: क्या है संभावित खूबियां? जानें भारतीय बाजार में कब देगी दस्तक
- जेएसडब्ल्यू की पहली एसयूवी कॉम्बैट।
- लॉन्च से पहले वेबसाइट पर खुली डिटेल।
- प्लग-इन हाइब्रिड में 1,100 km की रेंज।
- 15.6-इंच टचस्क्रीन और लेवल-2 ADAS फीचर्स।
विस्तार
जेएसडब्ल्यू मोटर्स चार दिसंबर को भारत में अपना डेब्यू करने जा रही है। इससे पहले कंपनी ने अपनी नई वेबसाइट पर कॉम्बैट एसयूवी की जानकारी साझा की है। हालांकि, इसकी कीमत और बुकिंग से जुड़ी आधिकारिक घोषणा लॉन्च के आसपास होने की उम्मीद है। वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, जेएसडब्ल्यू कॉम्बैट की संभावित एक्स-शोरूम कीमत 30 लाख से 50 लाख रुपये के बीच हो सकती है। कंपनी दिसंबर 2026 या 2027 की शुरुआत में इसकी बिक्री शुरू कर सकती है।
इस कीमत पर कॉम्बैट का मुकाबला बड़ी पारंपरिक एसयूवी से हो सकता है। इसे टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियों के विकल्प के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, कॉम्बैट पांच सीटों वाली एसयूवी होगी। इसमें तीन रो नहीं मिलेंगी।
कैसी होगी नई एसयूवी?
- जेएसडब्ल्यू कॉम्बैट का आधर ग्लोबल बाजार में बिकने वाली चेरी जेटोर टी2 होगी। इसका बॉक्सी डिजाइन एसयूवी को मजबूत और रग्ड लुक देता है। हालांकि, भारतीय मॉडल के फ्रंट हिस्से में जेएसडब्ल्यू की ब्रांडिंग के हिसाब से कुछ बदलाव किए जाने की उम्मीद है।
- इसमें अलग डिजाइन के हेडलैंप, ग्रिल और बंपर मिल सकते हैं। इसके अलावा चौकोर LED हेडलैंप, मजबूत बंपर, बॉडी क्लैडिंग और रूफ रेल्स जैसे एलिमेंट्स भी दिए जा सकते हैं। एसयूवी में 20-इंच के अलॉय व्हील मिलने की उम्मीद है।
- पीछे की तरफ वर्टिकल एलईडी टेललैंप और बूट लिड पर लगा स्पेयर व्हील देखने को मिल सकता है। स्पेयर व्हील पर चौकोर और गोल आकार वाला कवर दिया गया है, जो इसके ऑफ-रोड लुक को और मजबूत बनाता है।
- ग्लोबल जेटोर T2 में 220mm का ग्राउंड क्लीयरेंस और 752 लीटर की बूट कैपेसिटी मिल सकती है। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि कॉम्बैट में भी ये आंकड़े बरकरार रहेंगे।
कैसा होगा केबिन?
- जेएसडब्ल्यू कॉम्बैट का इंटीरियर भी काफी हद तक जेटोर टी2 जैसा रहने की उम्मीद है। इसमें अपराइट डैशबोर्ड, बड़ी इंफोटेनमेंट स्क्रीन और JSW ब्रांडिंग वाला फोर-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया जाएगा।
- फीचर्स की बात करें तो एसयूवी में 15.6-इंच की इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और 10.6-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है। इसके अलावा मेमोरी फंक्शन वाली वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें और 12-स्पीकर वाला सोनी साउंड सिस्टम भी दिया जाएगा।
- अन्य संभावित फीचर्स में पैनोरमिक सनरूफ, एम्बिएंट लाइटिंग, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो शामिल हैं। इसमें 540-डिग्री कैमरा सिस्टम और एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल भी मिल सकता है।
किन सेफ्टी फीचर्स से होगी लैस?
- सेफ्टी और तकनीकी के लिहाज से भी कॉम्बैट में कई आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसमें लेवल 2 एडीएएस दिया जाएगा। यह सिस्टम ड्राइविंग के दौरान कई तरह की सुरक्षा और ड्राइवर असिस्टेंस सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
- इसके अलावा एसयूवी में स्नैपड्रैगन 8155 स्मार्ट कॉकपिट चिप मिलेगी। इसका इस्तेमाल कार के इंफोटेनमेंट और डिजिटल सिस्टम को बेहतर तरीके से चलाने के लिए किया जाता है।
1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर्स
- जेएसडब्ल्यू कॉम्बैट की सबसे बड़ी खासियत इसका प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन होगा। इसमें 1.5-लीटर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटरें दी जाएंगी। इसके साथ 18.4kWh का बैटरी पैक मिलेगा।
- यह हाइब्रिड सेटअप कुल 360bhp की पावर और 610Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें तीन-स्पीड डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन दिया जाएगा, जो पावर को आगे के पहियों तक पहुंचाएगा।
- ग्लोबल बाजार में जेटोर T2 फ्रंट-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव दोनों विकल्पों में उपलब्ध है। हालांकि, भारत में आने वाली JSW कॉम्बैट में फ्रंट-व्हील ड्राइव सेटअप मिलने की उम्मीद है।
90km की इलेक्ट्रिक रेंज, 1,100km तक की कंबाइंड रेंज
- ग्लोबल-स्पेक जेटोर T2 की एनईडीसी-क्लेम्ड इलेक्ट्रिक रेंज 90km है। वहीं, इसकी कुल कंबाइंड रेंज 1,100km तक बताई जा रही है। उम्मीद है कि कॉम्बैट में भी इसी तरह का प्लग-इन हाइब्रिड सेटअप देखने को मिलेगा।
- चार्जिंग की बात करें तो 6.6kW AC चार्जर से इसकी बैटरी को करीब तीन घंटे में 30 से 100 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। वहीं, 50kW DC फास्ट चार्जर से बैटरी को 30 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 27 मिनट लगते हैं।
- यहां पर ध्यान देने वाली बात है कि ये आंकड़े ग्लोबल जेटोर टी2 के हैं। भारतीय मॉडल की आधिकारिक रेंज और चार्जिंग से जुड़ी जानकारी लॉन्च के समय सामने आ सकती है।
