धनतेरस पर घर लानी है नई गाड़ी: बजट से लेकर फीचर्स तक, जानिए आपके लिए कौन सी है बेस्ट डील?
धनतेरस और दीपावली पर नई कार खरीदने की सोच रहे हैं तो टाटा नेक्सन, मारुति ब्रेजा, पंच और फ्रॉन्क्स बेहतरीन विकल्प हैं। माइलेज, मेंटेनेंस और रीसेल वैल्यू के हिसाब से आपके लिए कौन सी बेहतर है, आइए जानते हैं।
विस्तार
दीपावली और धनतेरस के पावन अवसर पर नई गाड़ी घर लाना भारतीय परिवारों की पुरानी परंपरा रही है। इस फेस्टिव सीजन में ऑटो कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए बंपर डिस्काउंट्स और स्पेशल ऑफर्स दे रही हैं। अगर आप एक दमदार कॉम्पैक्ट एसयूवी खरीदने की सोच रहे हैं, तो बाजार में विकल्पों की भरमार है। लेकिन सिर्फ लुक देखकर गाड़ी चुनना सही नहीं होगा। आइए जानते हैं कि माइलेज, मेंटेनेंस और रीसेल वैल्यू के पैमाने पर कौन सी एसयूवी आपके लिए 'पैसा वसूल' साबित होगी।
कौन सी कॉम्पैक्ट एसयूवी है आपके लिए है बेस्ट?
भारतीय बाजार में इस समय 10 से 15 लाख रुपये के प्राइस ब्रैकेट में कड़ा मुकाबला है। सेफ्टी और फीचर्स को सबसे ऊपर रखने वालों के लिए टाटा नेक्सन पहली पसंद बनी हुई है, जिसमें 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग और डीजल, पेट्रोल व सीएनजी के विकल्प मिलते हैं। वहीं भरोसेमंद इंजन और कम मेंटेनेंस चाहने वालों के लिए मारुति सुजुकी ब्रेजा सबसे मजबूत ऑप्शन है। अगर आपका बजट थोड़ा कम है, तो टाटा पंच या मारुति फ्रॉन्क्स के टॉप मॉडल्स प्रीमियम फीचर्स के साथ बेहतरीन विकल्प बनते हैं।
रोजाना के इस्तेमाल के हिसाब से क्या चुनें?
- मारुति ब्रेजा: अगर आपकी प्राथमिकता शहर और हाईवे दोनों पर कम मेंटेनेंस, आसान रीसेल और बेहतरीन सीएनजी माइलेज है तो 8.34 लाख से 14.14 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत वाली यह गाड़ी रोजाना 40-50 किमी या उससे अधिक की डेली रनिंग के लिए सबसे व्यावहारिक और किफायती विकल्प है।
- टाटा नेक्सन: 7.99 लाख से 15.80 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत के दायरे में आने वाली यह दमदार एसयूवी कार है। अगर आप हाईवे ड्राइविंग ज्यादा पसंद करते हैं और आपको लंबी दूरी के सफर के लिए जबरदस्त पिकअप के साथ एक सुरक्षित 5-स्टार रेटिंग वाला टर्बो-पेट्रोल या डीजल विकल्प चाहिए, तो आपके लिए बेस्ट है। यह आधुनिक फीचर्स और बेहतरीन बिल्ड क्वालिटी के साथ आती है।
- मारुति फ्रॉन्क्स: 7.51 लाख से 13.04 लाख की एक्स-शोरूम कीमत वाली यह स्टाइलिश गाड़ी है। अगर आपकी डेली रनिंग शहर के भीतर है, आप बेहतरीन फ्यूल एफिशिएंसी चाहते हैं, और ब्रेजा के मुकाबले थोड़ा स्पोर्टी कूप-एसयूवी डिजाइन पसंद करते हैं, तो इसका सीएनजी या पेट्रोल वेरिएंट ईंधन बचाने में मददगार साबित होगा जो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है।
- टाटा पंच: यह 6.13 लाख से 10.20 लाख रुपये की किफायती एक्स-शोरूम कीमत वाली गाड़ी है। अगर आपका बजट 10 लाख से कम है और आप रोजाना शहर के ट्रैफिक में चलने के लिए एक कॉम्पैक्ट, मजबूत और सुरक्षित मिनी-एसयूवी की तलाश कर रहे हैं, तो कम खर्च में बेहतरीन शहर के सफर का अनुभव देती है, जिसमें बेहतरीन ग्राउंड क्लियरेंस भी मिलता है।
मेंटेनेंस कॉस्ट और आफ्टर-सेल्स सर्विस किसकी बेहतर?
गाड़ी खरीदते समय सिर्फ उसकी ऑन-रोड कीमत देखना काफी नहीं होता, बल्कि उसकी सर्विसिंग और स्पेयर पार्ट्स की लागत भी मायने रखती है। मारुति सुजुकी का पेन इंडिया सर्विस नेटवर्क और उसके सस्ते स्पेयर पार्ट्स लंबे समय में मेंटेनेंस का बोझ बहुत कम रखते हैं। वहीं टाटा मोटर्स की गाड़ियों की बिल्ड क्वालिटी काफी मजबूत होती है, लेकिन सर्विस सेंटरों के अनुभव के मामले में मारुति का पलड़ा थोड़ा भारी रहता है। इसलिए गाड़ी तय करने से पहले अपने नजदीकी डीलरशिप और सर्विस सेंटर के फीडबैक का पता जरूर कर लें।
5 साल बाद कितना मिलेगा फायदा?
भारतीय कार बाजार में रीसेल वैल्यू एक बहुत बड़ा फैसला लेने वाला फैक्टर होती है। मारुति सुजुकी की ब्रेजा और फ्रॉन्क्स जैसी गाड़ियों की डिमांड सेकेंड हैंड मार्केट में बहुत ज्यादा रहती है जिसके कारण 4 से 5 साल इस्तेमाल करने के बाद भी इनकी अच्छी रीसेल वैल्यू मिल जाती है। हालांकि 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग वाली टाटा नेक्सन और पंच की रीसेल वैल्यू में भी हाल के वर्षों में जबरदस्त सुधार देखा गया है। दीपावली पर खरीदारी करते समय गाड़ी के उस कलर और वेरिएंट को प्राथमिकता दें, जिसकी मार्केट में डिमांड सबसे ज्यादा रहती है।