अमेरिका में सख्त होती वीजा जांच और आव्रजन नीतियों के बीच विदेशी छात्रों का रुझान कम होता दिख रहा है। सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए स्नातक दाखिले के कुल आवेदन बढ़े हैं। हालांकि, एक मार्च तक विदेशी आवेदकों की संख्या में 10 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है।
नए छात्रों की संख्या 17 प्रतिशत कम
अमेरिकी विदेश विभाग और अंतरराष्ट्रीय शिक्षा संस्थान के आंकड़ों के अनुसार, 2025 के शरद सत्र में अमेरिका आने वाले नए विदेशी छात्रों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 17 प्रतिशत घट गई। संस्थान के 2026 के वसंत आकलन में भी अगले शरद सत्र में विदेशी छात्रों के कुल नामांकन में और गिरावट का अनुमान लगाया गया है।
- एशिया और अफ्रीका से आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या में कमी आई है।
- शीर्ष आइवी लीग संस्थानों पर असर अपेक्षाकृत कम पड़ने की संभावना जताई गई है।
- मध्यम श्रेणी के निजी और क्षेत्रीय सार्वजनिक संस्थान विदेशी छात्रों की फीस पर अधिक निर्भर हैं।
- ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर जैसे देशों की ओर छात्रों का रुझान बढ़ने की आशंका जताई गई है।
कॉलेजों की आय पर पड़ सकता है असर
क्रिमसन एजुकेशन के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी जेमी बीटन ने कहा कि मध्यम श्रेणी के निजी कॉलेज और क्षेत्रीय सार्वजनिक संस्थान पूरी फीस देने वाले विदेशी छात्रों पर काफी निर्भर हैं। यदि ये छात्र दूसरे देशों की ओर रुख करते हैं तो संस्थानों के लिए आय की कमी पूरी करना मुश्किल हो सकता है। घरेलू छात्रों की संख्या घटने की आशंका भी उनके सामने चुनौती है।
यह भी पढ़ें: जापान में पीयूष गोयल का सख्त अंदाज: चीन पर तंज से लेकर जापानी उद्योग को आईना; निवेश का न्योता, साझेदारी पर दम
3.4 अरब डॉलर और 40 हजार नौकरियों का खतरा
अंतरराष्ट्रीय शिक्षकों के संगठन नाफ्सा के विश्लेषण के अनुसार, इस वर्ष विदेशी छात्रों के नामांकन में गिरावट से अमेरिकी स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को सामूहिक रूप से 3.4 अरब डॉलर का नुकसान हो सकता है। करीब 40 हजार नौकरियां भी खतरे में पड़ सकती हैं। अमेरिका लंबे समय से विदेशी छात्रों का सबसे बड़ा केंद्र रहा है और भारत व चीन इसके प्रमुख स्रोत देशों में हैं।
वीजा नीतियों पर बहस के बीच रिपोर्ट
रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब अमेरिका में वीजा नीतियों को लेकर विवाद जारी है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने नए एच-1बी आवेदकों के लिए प्रस्तावित 103,265 डॉलर शुल्क का समर्थन किया है। इससे पहले 100,000 डॉलर शुल्क का प्रस्ताव अदालत में रद्द हो गया था।