फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चीन में पुतिन को किस बात का था खतरा?: वियतनाम में रूस ने उतारे परमाणु बॉम्बर, ताइवान तक हलचल, क्या था प्लान?

Fri, 20 Nov 2026 01:49 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, हनोई

सार

पुतिन चीन में ट्रंप और जिनपिंग जैसे बड़े नेताओं से मुलाकात करने पहुंचे। इससे पहले रूस ने एशिया में अपनी परमाणु ताकत का प्रदर्शन किया। रूस के दो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बॉम्बर वियतनाम पहुंचे। पुतिन के साथ परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की मंजूरी देने वाला ब्रीफकेस भी दिखाई दिया। चीन पहुंचने से पहले रूस ने क्या संदेश दिया? क्या यह अमेरिका और चीन को शक्ति प्रदर्शन था? आइए, विस्तार से रूस को प्लान को समझने की कोशिश करते हैं...
Register For Event
विज्ञापन
पुतिन की चीन यात्रा से पहले वियतनाम पहुंचे रूस के परमाणु विमान - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन में दुनिया के बड़े नेताओं से मुलाकात करने पहुंचे तो उससे पहले रूस ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन दिखा दिया। रूस के दो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम रणनीतिक बॉम्बर विमान वियतनाम पहुंचे थे। इन विमानों के साथ दो सहायक विमान भी मौजूद थे। 
विज्ञापन


खास बात यह है कि पुतिन के चीन पहुंचने के दौरान उनके साथ एक अधिकारी परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की मंजूरी देने वाला खास ब्रीफकेस लेकर चल रहा था। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुतिन ने चीन में बड़ी कूटनीतिक मुलाकातों से पहले अपनी सैन्य ताकत का संदेश देने की तैयारी कर ली थी?

चीन पहुंचने से पहले वियतनाम क्यों भेजे गए परमाणु बॉम्बर?
रूस के दो टीयू-95 रणनीतिक बॉम्बर विमान बुधवार को वियतनाम के मध्य में स्थित दा नांग शहर के हवाई अड्डे पर मौजूद थे। ये विमान परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम हैं। इनके साथ दो सहायक विमान भी थे। गुरुवार सुबह दोनों बॉम्बर वियतनाम से रवाना हो गए। यह घटनाक्रम उस समय हुआ, जब पुतिन चीन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत दुनिया के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे थे। रूस की इस गतिविधि को एशिया में अपनी सैन्य पहुंच और ताकत दिखाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इन विमानों की तैनाती को पुतिन की व्यक्तिगत सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन


पुतिन के साथ परमाणु हथियारों वाला ब्रीफकेस क्यों था?
  • पुतिन के चीन पहुंचने के दौरान रूसी टेलीविजन कैमरों ने उनके साथ चल रहे एक अधिकारी पर खास ध्यान दिया। यह अधिकारी एक ऐसा ब्रीफकेस लेकर चल रहा था, जिसका इस्तेमाल परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को मंजूरी देने के लिए किया जाता है। यह सामान्य ब्रीफकेस नहीं है, बल्कि रूस की परमाणु कमान व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
  • इसका दिखाई देना इसलिए भी महत्वपूर्ण था, क्योंकि उसी समय रूस के परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बॉम्बर एशिया में सक्रिय थे। इससे रूस ने अपनी परमाणु क्षमता और सैन्य तैयारियों की ओर दुनिया का ध्यान खींचा।

जापान की सीमा में घुसे रूसी विमान, क्यों भेजने पड़े लड़ाकू जेट?
रूसी बॉम्बर विमानों की गतिविधियों से जापान और दक्षिण कोरिया भी सतर्क हो गए थे। मंगलवार को रूस के दोनों विमान जापान के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे। जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइजुमी के मुताबिक, फुकुओका के पास रूसी विमानों ने करीब पांच मिनट तक जापानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। इसके बाद जापान को अपने लड़ाकू विमान भेजने पड़े और चेतावनी जारी करनी पड़ी। जापान ने इसे अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया। वहीं, दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक, सोमवार को कई रूसी सैन्य विमान कोरियाई प्रायद्वीप और जापान के बीच उसके वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में दाखिल हुए थे। हालांकि, उन्होंने दक्षिण कोरिया के वास्तविक हवाई क्षेत्र का उल्लंघन नहीं किया।

वियतनाम से निकलकर ताइवान के पास क्यों पहुंचे रूसी बॉम्बर?
  • वियतनाम से रवाना होने के बाद रूस के दोनों टीयू-95 विमानों को ताइवान के पूर्वी तट के पास भी देखा गया। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार दोपहर बताया कि उसने दक्षिण की ओर से आते हुए दो रूसी सैन्य विमानों को ट्रैक किया है। ये विमान ताइवान के पूर्वी तट के पास से गुजरे थे। इस घटनाक्रम ने एशिया में रूस की सैन्य गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी।
  • सिंगापुर के आईएसईएएस-यूसुफ इशाक संस्थान के विशेषज्ञ इयान स्टोरी के मुताबिक, रूस यह संदेश देना चाहता है कि वह दुनिया के किसी भी क्षेत्र में अपनी सैन्य ताकत पहुंचा सकता है। उनके अनुसार, पुतिन अमेरिका और चीन के सामने रूस को एक बड़ी वैश्विक शक्ति के रूप में पेश करना चाहते हैं।

चीन को क्या संदेश देना चाहता है रूस?
रूस की इस सैन्य गतिविधि का एक दूसरा पहलू चीन के साथ उसके रिश्तों से भी जुड़ा है। विशेषज्ञ इयान स्टोरी के मुताबिक, वियतनाम में रूसी सैन्य विमानों की मौजूदगी बीजिंग के लिए भी एक संदेश है। चीन ने इससे करीब दो महीने पहले पड़ोसी देश लाओस में एक एयरबेस खोला था। ऐसे में वियतनाम में रूस की सैन्य मौजूदगी यह दिखाती है कि चीन के पड़ोस में भी मॉस्को के मजबूत रणनीतिक संबंध हैं। रूस यह बताना चाहता है कि एशिया में उसका प्रभाव और सैन्य पहुंच अब भी कायम है।

रूस और वियतनाम के बीच कितने पुराने हैं सैन्य संबंध?
रूस और वियतनाम के बीच राजनयिक संबंध वर्ष 1950 से हैं। दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग भी कई दशक पुराना है। वर्ष 2000 के दशक की शुरुआत से रूस वियतनाम के हथियारों का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता रहा है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में वियतनाम ने हथियार खरीदने के लिए दूसरे देशों की तरफ भी रुख करना शुरू किया है। वर्ष 2014 में भी रूसी सैन्य विमानों ने वियतनाम के कैम रान्ह हवाई अड्डे का इस्तेमाल किया था। उस समय रूसी ईंधन भरने वाले विमान दक्षिण चीन सागर के ऊपर लंबी दूरी की उड़ान भरने वाले बॉम्बरों की मदद के लिए वहां पहुंचे थे। वियतनाम में आज भी सोवियत संघ के समय की इमारतें और रूस का सांस्कृतिक प्रभाव दिखाई देता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें