ईरान के नए नियुक्त सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के बारे में खबर है कि वह कथित तौर पर कोमा में हैं। सूत्रों के अनुसार एक हवाई हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका एक पैर काटना पड़ा है। यह दावा ब्रिटेन के टैबलॉयड अखबार द सन की एक रिपोर्ट में किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई उस एयर स्ट्राइक में बुरी तरह घायल हो गए थे, जिसमें उनके पिता और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई थी। बताया गया है कि हमले के बाद उन्हें गंभीर हालत में तेहरान में इलाज के लिए ले जाया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें 28 फरवरी को हुए उसी एयर स्ट्राइक में चोटें आईं, जिसमें 86 वर्षीय अली खामेनेई की हत्या हुई थी या किसी अन्य हमले में।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर की स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है। फॉक्स न्यूज रेडियो से बातचीत के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि मोजतबा खामेनेई जीवित हैं, तो उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि वह शायद जिंदा हैं, लेकिन संभव है कि उन्हें गंभीर चोटें आई हों।
सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि मोजतबा खामेनेई को हमले में बेहद गंभीर चोटें आईं। उनके शरीर को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसमें कम से कम एक पैर खोना शामिल है। इसके अलावा उनके पेट या लीवर में भी गंभीर क्षति होने की बात कही गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मोजतबा खामेनेई इस समय सीना विश्वविद्यालय अस्पताल, तेहरान में कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज करा रहे हैं। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उनकी हालत बेहद गंभीर है।
इस बीच ईरान के सरकारी मीडिया ने नेतृत्व की निरंतरता दिखाने की कोशिश करते हुए एक बयान प्रसारित किया, जिसे मोजतबा खामेनेई का सत्ता संभालने के बाद पहला संदेश बताया गया। हालांकि यह बयान स्वयं खामेनेई ने नहीं पढ़ा, बल्कि एक समाचार एंकर ने उसे पढ़कर सुनाया।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि देश की सैन्य और राजनीतिक व्यवस्था संभवतः खामेनेई के सीधे आदेश के बिना भी युद्ध जारी रख सकती है। एक ईरानी विश्लेषक ने कहा कि अली खामेनेई द्वारा स्थापित शासन प्रणाली इतनी मजबूत है कि वह सक्रिय नेता के बिना भी काम कर सकती है।