ईरान ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने फारस की खाड़ी के ऊपर अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान को मिसाइल से निशाना बनाया। उसके मुताबिक, विमान को नुकसान पहुंचा और पायलट को आपात लैंडिंग करनी पड़ी। अमेरिका ने इस दावे को झूठा बताते हुए कहा है कि उसके सभी लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं। घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ईरान ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान को मिसाइल से निशाना बनाया। ईरान के मुताबिक, मिसाइल विमान के करीब फटी, जिससे उसे नुकसान पहुंचा और पायलट को अपना अभियान बीच में छोड़कर आपात स्थिति में नजदीकी हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा। हालांकि, अमेरिका ने ईरान के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
विज्ञापन
ईरान ने हमले को लेकर क्या बताया?
ईरानी सेना ने शनिवार को कहा कि उसकी वायु रक्षा इकाइयों ने शुक्रवार शाम फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी एफ-16 विमान की पहचान की और उसे ट्रैक किया। इसके बाद विमान की ओर मिसाइल दागी गई। ईरान का दावा है कि मिसाइल विमान के नजदीक फटी और उसे नुकसान पहुंचा। हालांकि, ईरान ने उस हवाई अड्डे का नाम नहीं बताया, जहां पायलट को आपात लैंडिंग करनी पड़ी।
अमेरिका ने ईरान के दावे पर क्या कहा?
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया पर ईरान के दावे को गलत बताया। सेंटकॉम के मुताबिक, ईरान ने किसी अमेरिकी एफ-16 विमान पर हमला नहीं किया और मध्य पूर्व में तैनात उसके सभी लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं। इस घटनाक्रम की अब तक कोई स्वतंत्र पुष्टि भी सामने नहीं आई है।
पहले भी ऐसे दावे कर चुका है ईरान
इससे पहले भी ईरान अमेरिकी विमानों को मार गिराने या उन्हें नुकसान पहुंचाने के दावे कर चुका है। हालांकि, अमेरिका ने हर बार ऐसे दावों को खारिज किया है। इस बार भी दोनों देशों के दावों में विरोधाभास है।