फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गूगल-जूम पर मंडराया हैकिंग का खतरा: अमेरिका में बैंकिंग और उड़ान सेवाएं प्रभावित; अपडेट से क्रैश हो रहे सिस्टम

Tue, 24 Nov 2026 03:26 AM IST
शिवम गर्ग एजेंसी, वाशिंगटन।

सार

एआई की मदद से दशकों पुरानी सॉफ्टवेयर खामियां सामने आने के बाद दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जल्दबाजी में जारी अपडेट से अमेरिका में कई सेवाएं प्रभावित हुईं। क्या आने वाले महीनों में तकनीकी व्यवधान और बढ़ेंगे? आइए, जानते हैं...
Register For Event
विज्ञापन
38 साल पुरानी कोडिंग की खामी पकड़ रहा AI - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गूगल, जूम और हजारों अन्य कंपनियों पर हैकिंग का बड़ा खतरा मंडराया है। यह खतरा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिये 38 साल पुरानी कोडिंग की खामी पकड़े जाने के बाद सामने आया है। हैकर्स के संभावित हमले के डर से कंपनियां और एजेंसियां आनन-फानन में सुरक्षा अपडेट जारी कर रही हैं, लेकिन यही जल्दबाजी भरे अपडेट सिस्टम को खुद ही क्रैश कर रहे हैं।

विज्ञापन


साइबर सुरक्षा शोधकर्ता पॉलोस यिबेलो ने बताया कि जांच के मुताबिक, बीते दो हफ्तों के दौरान इसी अफरातफरी और तकनीकी व्यवधानों के बीच अमेरिका में बैंकिंग लेनदेन अटका, व्यावसायिक उड़ानों को रोकना पड़ा और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) का गोपनीय नेटवर्क भी ठप रहा। हालांकि, यिबेलो ने समय रहते कंपनियों को सतर्क कर दिया और खामी दूर कर ली गई। इनमें से ज्यादातर घटनाओं के पीछे कोई विदेशी साइबर हमला नहीं था। दरअसल, एआई अब उन पुरानी कोडिंग खामियों को कुछ ही घंटों में पकड़ रहा है, जिन्हें खोजने में पहले विशेषज्ञों को महीनों लगते थे।

माइक्रोसॉफ्ट ने जारी किए अपडेट
आंकड़ों के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट ने पिछले महीने अपनी खामियां सुधारने के लिए 1,400 से ज्यादा अपडेट जारी किए, जो सामान्य औसत से करीब 10 गुना अधिक है। दूसरी तरफ, एआई को बढ़ावा देने के नाम पर बड़ी टेक कंपनियों ने अनुभवी कर्मचारियों की छंटनी कर दी है, जिससे अनुभवी कर्मचारियों की कमी पड़ गई है।
विज्ञापन


विशेषज्ञों ने बताया ब्लैक अक्तूबर
हैकर्स के डर से कंपनियां और एजेंसियां आनन-फानन में सुरक्षा अपडेट जारी कर रही हैं, और यही हड़बड़ी भरे अपडेट सिस्टम को खुद ही क्रैश कर रहे हैं। हालात इतने बिगड़े कि विशेषज्ञों ने इसे ब्लैक अक्तूबर करार दिया।  उत्पाद को सबसे पहले बाजार में उतारने की होड़ में कंपनियों ने साइबर सुरक्षा को हमेशा हाशिए पर रखा। सेंटिनलवन के शोधकर्ता जुआन एंड्रेस गुएरेरो-साडे कहते ने कहा कि कंपनियों ने कोडिंग की खामियों को नजरअंदाज कर जो तकनीकी लापरवाही का बोझ जमा किया था, एआई अब उसी का हिसाब मांग रहा है।

और बढ़ सकती हैं तकनीकी दिक्कतें : माइक्रोसॉफ्ट
उधर, माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक और ईमेल सेवाओं में आई वैश्विक बाधा के कुछ दिन बाद कंपनी ने आने वाले महीनों में ऐसी और तकनीकी परेशानियों की आशंका जताई है। माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ब्रैड स्मिथ के मुताबिक, दुनियाभर में कंपनियां अपने पुराने सॉफ्टवेयर को अपग्रेड करने, सुरक्षा खामियां दूर करने और डिजिटल ढांचे को आधुनिक बनाने में जुटी हैं। इस प्रक्रिया में नई तकनीकी बाधाएं भी पैदा हो सकती हैं। स्मिथ ने कहा कि दुनिया का पूरा सूचना ढांचा इस समय अपग्रेड किया जा रहा है। यह काम कुछ हफ्तों में पूरा नहीं होगा। इसलिए कंपनियों और आम लोगों को आने वाले महीनों में संभावित व्यवधानों के लिए तैयार रहना चाहिए।

एआई से बढ़ी सॉफ्टवेयर खामियां पकड़ने की रफ्तार
स्मिथ के अनुसार, एआई ने सॉफ्टवेयर कोड में कमजोरियां और सुरक्षा खामियां पहचानना काफी आसान कर दिया है। इससे कंपनियां उन्हें तेजी से ठीक कर सकती हैं। लेकिन दूसरी ओर साइबर अपराधी भी इन कमजोरियों का फायदा उठा सकते हैं। ऐसे में कंपनियों पर जल्द से जल्द सुरक्षा अपडेट जारी करने का दबाव बढ़ रहा है। जल्दबाजी में अपडेट लगाने से नई परेशानी भी खड़ी हो सकती है। खासकर पुराने आईटी ढांचे में नए सॉफ्टवेयर और मौजूदा सिस्टम के बीच तालमेल बैठाने में दिक्कत आती है। पर्याप्त परीक्षण के बिना अपडेट लागू करने पर सेवाएं बाधित हो सकती हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें