इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि दुबई से इस्राइल जा रही एक फ्लाइट में बुधवार सुबह गंभीर सुरक्षा घटना हुई। उनके अनुसार, विमान में सवार लगभग सभी यात्री इस्राइली थे। देश के पास पहुंचने के दौरान विमान के एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और कथित तौर पर विमान को सभी यात्रियों समेत दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की।
नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने विमान में सवार एक इस्राइल यात्री से बात की। यात्री ने उन्हें बताया कि विमान अचानक घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा था। प्रधानमंत्री के अनुसार, यात्री ने बताया कि वह चालक दल के एक सदस्य के साथ किसी तरह कॉकपिट में दाखिल होने में सफल रहा। दोनों ने उस पायलट को काबू में किया, जो विमान के सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था।
नेतन्याहू ने त्रासदी रोकने वालों को किया सलाम
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने बताया कि विमान में मौजूद चालक दल के एक अन्य सदस्य ने भी कॉकपिट में प्रवेश किया और विमान को स्थिर करने में मदद की। उन्होंने कहा, "मैं इन नायकों को सलाम करता हूं, जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई लोगों की जान बचाई। उन्होंने एक बड़ी त्रासदी को होने से रोक दिया।"
सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर उतरा विमान
नेतन्याहू के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर उतर गया। उन्होंने कहा कि विमान में सवार सभी यात्री खतरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे पायलट पर हमला करने वाले को-पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अरब के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। इस्राइली पीएम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए इस्राइल संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।
संभावित अतिरिक्त खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
इस्राइली पीएम ने कहा कि उन्होंने सुरक्षा सेवाओं को संभावित अतिरिक्त खतरों से निपटने की तैयारी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि स्थिति का लगातार आकलन किया जा रहा है और घटनाक्रम के अनुसार आगे की जानकारी दी जाएगी। पीएम ने विमान में सवार यात्रियों से मुलाकात कर जानकारी भी ली।
कॉकपिट का दरवाजा जाम हो गया था, हमलावर कैसे पकड़ा गया?
फ्लाईदुबई के इस विमान में सवार इस्राइली यात्री यानिव ने विमान को बचाने में मदद की थी। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उनसे मुलाकात की। यानिव ने पीएम को कॉकपिट के अंदर हुई घटना का पूरा ब्योरा दिया। सोशल मीडिया पर आए यानिव और नेतन्याहू के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घटना का विवरण सुनने के बाद पीएम नेतन्याहू के चेहरे पर हैरानी के साथ चौंकने के भाव के साथ-साथ तनाव के कारण सकते में आने जैसे भाव भी दिखे।
यानिव ने प्रधानमंत्री को बताया कि कॉकपिट का दरवाजा जाम हो गया था। सह-पायलट विमान के उपकरणों को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था। काफी जटिल हालात होने के बावजूद सब्र और साहस दिखाने वाले यानिव ने हमलावर पायलट को गला दबाकर पकड़ लिया। अन्य इस्राइली यात्रियों की मदद से उसे कॉकपिट से बाहर खींचने के बाद यानिव तुरंत नियंत्रण कक्ष में वापस गए। बकौल यानिव, 'सौभाग्य से मैंने 'एयर क्रैश इन्वेस्टिगेशन' देखा था, इसलिए वे तेजी से नीचे आ रहे विमान को कंट्रोल की मदद से स्थिर करने में सफल रहे। इस प्रकार विमान नीचे गिरने / क्रैश होने से बच गया।
ताबुक के अस्पताल में भर्ती हैं मछार, दूतावास बोला-मामले पर रख रहे पूरी नजर
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने कहा है कि कॉकपिट में खूनी संघर्ष में घायल कैप्टन स्मित मछार को तुरंत ताबूक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दूतावास उनकी सेहत से जुड़ी हर अपडेट पर नजर रखे हुए है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। दूतावास ने कहा कि वह मछार के परिवार के भी संपर्क में है।