बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान ने 19 साल बाद अपने पिता की कब्र पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। इससे पहले वे साल 2006 में आखिरी बार अपने पिता के कब्र पर पहुंचे थे। इस दौरान तारिक रहमान कब्र के सामने कुछ समय तक अकेले खड़े नजर आए।
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान आज 19 साल बाद अपने पिता और पार्टी के संस्थापक, पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र पर पहुंचे। उन्होंने शाम करीब 4:50 बजे कब्र पर फूल चढ़ाए और प्रार्थना की। तारिक रहमान के साथ बीएनपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, लेकिन कब्र परिसर के अंदर केवल वरिष्ठ नेताओं को ही जाने की अनुमति दी गई। आम पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया कर्मियों को अंदर जाने से रोक दिया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
तारिक रहमान के दौरे से पहले ही दोपहर 12 बजे से कब्र और उसके आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस दौरान बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी), रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी), पुलिस और सेना के साथ-साथ सभी सुरक्षा एजेंसियां तैनात रहीं। पार्क में मौजूद आम लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया और किसी को भी कब्र के पास जाने की इजाजत नहीं दी गई।
विज्ञापन
बाहर लगे नारे, अंदर सन्नाटा
जब तारिक रहमान कब्र पर श्रद्धांजलि दे रहे थे, तब कब्र परिसर के बाहर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इकट्ठा होकर नारेबाजी कर रहे थे। वे हाथों में बैनर और पार्टी नेता की तस्वीरें लिए हुए थे और छोटे-छोटे जुलूस निकाल रहे थे।
बस से पहुंचे, समर्थकों को किया अभिवादन
तारिक रहमान दोपहर करीब 1 बजे अपने गुलशन स्थित आवास से बस से रवाना हुए। भारी भीड़ के कारण उनका काफिला धीरे-धीरे आगे बढ़ा और लगभग दो घंटे बाद वे जियाउर रहमान की कब्र तक पहुंचे। रास्ते में उन्होंने जमा हुए समर्थकों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
आखिरी बार 2006 में पिता की कब्र पर गए थे तारिक
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीएनपी नेता तारिक रहमान आखिरी बार 1 सितंबर 2006 को अपने पिता की कब्र पर गए थे। इसके बाद आज, 19 साल बाद, उन्होंने वहां जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।