फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rudrapur: बहुप्रतीक्षित काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण का रास्ता साफ, नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग को दी एनओसी

रुद्रपुर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बहुप्रतीक्षित काशीपुर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। नगर निगम रुद्रपुर ने चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित भूमि को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के लिए अपनी अनापत्ति (एनओसी) दे दी है। नगर निगम की सहमति मिलने के बाद अब सड़क चौड़ीकरण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है। महापौर विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि काशीपुर बाईपास मार्ग का चौड़ीकरण लंबे समय से प्रस्तावित था। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क पर वाहनों का भारी दबाव रहता है और अक्सर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के उद्देश्य से इस मार्ग के चौड़ीकरण की योजना बनाई गई थी। हालांकि चौड़ीकरण की जद में नगर निगम की कुछ दुकानें आने के कारण व्यापारियों में चिंता बनी हुई थी। प्रभावित व्यापारियों ने अपनी दुकानों को बचाने और राहत दिलाने की मांग की थी। व्यापारियों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री से वार्ता कर मामले को प्रमुखता से रखा। इसके बाद सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई को कुछ कम करने का निर्णय लिया गया, जिससे व्यापारियों को राहत मिल सकी। महापौर ने बताया कि चौड़ीकरण से संबंधित कुछ तकनीकी प्रक्रियाएं लंबित थीं। लोक निर्माण विभाग द्वारा अधिग्रहित भूमि के हस्तांतरण के संबंध में नगर निगम से सहमति मांगी गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने भूमि हस्तांतरण के लिए लोक निर्माण विभाग को अनापत्ति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण शहर के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने से न केवल जाम की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि आम लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें