रुद्रप्रयाग। एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को केदारनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पैदल यात्रा मार्ग और विभिन्न संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैदल मार्ग पर संचालित व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। वहीं यात्रा ड्यूटी में तैनात विभिन्न विभागों और एजेंसियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से वार्ता कर मौके पर आ रही चुनौतियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसडीआरएफ पोस्टों का निरीक्षण कर कार्मिकों से संवाद किया और उनकी रहने-खाने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और उत्कृष्ट कार्य करने वाले एसडीआरएफ कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। निरीक्षण के दौरान सेनानायक अस्पताल भी पहुंचे और चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों से मुलाकात की। साथ ही पैदल मार्ग से लिनचोली पर मेडिकल फर्स्ट रिस्पॉन्डर पोस्ट का निरीक्षण किया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित राहत और बेहतर समन्वय एसडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।