उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया की अध्यक्षता में स्नातक स्तरीय पुनः परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में बताया गया कि स्नातक स्तरीय पुनः परीक्षा आगामी 17 मई को आयोजित की जाएगी। अध्यक्ष मर्तोलिया ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस बार परीक्षा के संचालन के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की गई है। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षा से एक सप्ताह पूर्व सभी कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में एडीएम योगेंद्र सिंह, एसडीएम जितेंद्र वर्मा, सीईओ तरुण पंत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।