पिथौरागढ़ जिले में सात साल बाद एक जून से भारत-चीन व्यापार फिर शुरू होगा। व्यापार शुरू होने से में कुछ ही दिन शेष हैं। इसके बाद भी तैयारी पूरी नहीं हो सकी है। अब तक भी व्यापार के लिए जरूरी गुंजी में न तो ट्रेड कार्यालय खुल सका है और ना ही कस्टम चौकी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों और विभागों को जल्द सभी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में डीएम आशीष कुमार भटगाईं ने भारत-चीन व्यापार की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि व्यापार के लिए सड़क और पैदल मार्गों को दुरुस्त रखना होगा। उन्होंने गुंजी में अस्थायी ट्रेड कार्यालय और कस्टम चौकी न खुलने पर नाराजगी जताई और जल्द इन्हें स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुंजी स्थित भारतीय स्टेट बैंक में आवश्यक बैंकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, कस्टम चौकी एवं आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति, व्यापारियों के लिए शौचालय की जल्द व्यवस्था करने को कहा। एडीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि शासन स्तर से धारचूला या गुंजी में अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं पर्यटन कार्यालय के लिए अस्थायी व्यापार एवं कस्टम कार्यालय स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। बताया कि सृजित पदों के सापेक्ष नियमित नियुक्तियां की जानी हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, सीएमओ डॉ. संतोष सिंह नबियाल, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा, सीवीओ डॉ. योगेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।