पिथौरागढ़ जिले के धारचूला के व्यास घाटी स्थित आदि कैलाश यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा आज से शुरू हो जाएगी। धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि यात्रा के लिए पोर्टल पर 160 श्रद्धालुओं ने अभी तक आवेदन किया है। इसमें से 80 यात्रियों को इनर लाइन पास जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि शुक्रवार (आज) से यात्रा विधिवत प्रारंभ होगी। पंजीकृत यात्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा पर प्रस्थान करेंगे। जिलाधिकारी ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व मौसम की अद्यतन जानकारी प्राप्त करने का अनुरोध किया है। उच्च हिमालयी क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यात्रियों को यथासंभव फोर बाय फोर वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी है। यात्रा मार्ग सुचारू है। बीआरओ को मार्गों के रखरखाव एवं सुचारू संचालन के लिए सक्रिय कर दिया गया है। डीएम ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसियां अलर्ट मोड में कार्य कर रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वह यात्रा पर प्रस्थान से पूर्व अपना इनर लाइन परमिट, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां एवं मौसम से जुड़े दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।