पौड़ी जिला मुख्यालय को जल्द ही जाम की समस्या से निजात मिलने की संभावना है। पौड़ी- कोटद्वार हाइवे पर घोड़ीखाल से प्रेमनगर तक 2100 मीटर लंबी टनल का निर्माण किया जाएगा। एडीएम ने टनल निर्माण के कार्योें के लिए एनएच के अभियंताओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलक्ट्रेट में एडीएम अनिल गर्ब्याल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग -534 के पैडुल–श्रीनगर खंड के बीच पौड़ी बाईपास के रूप में प्रस्तावित टनल का निर्माण किया जाना है। जो कि घोड़ीखाल (पोर्टल-1) से प्रेमनगर (पोर्टल-2) तक करीब 2100 मीटर लंबी होगी। एडीएम ने कहा कि यह टनल पौड़ी शहर में भविष्य में बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को कम करने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। कहा कि इससे न केवल यातायात भार कम होगा बल्कि पौड़ी शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण की जद में आने वाले घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने लोनिवि श्रीनगर को प्रस्तावित टनल के दोनों किनारों पर टनल की रूपरेखा को दर्शाते हुए होर्डिंग स्थापित करने के निर्देश दिए। ईई एनएच रणबीर सिंह ने बताया कि टनल बुआखाल तिराहे के ठीक नीचे करीब 300 मीटर की गहराई से गुजरेगी। जिससे कम्पन जनित किसी भी क्षति की संभावना शून्य होगी। साथ ही अंडरग्राउंड टनल निर्माण से सतही पर्यावरणीय क्षति भी न्यूनतम रहेगी। बताया कि हितधारकों के प्राप्त सुझावों और विभागीय औपचारिकताओं के पूर्ण होने के बाद डीपीआर तैयार की जाएगी। सभी औपचारिकताएं समय से पूर्ण होने पर यह परियोजना आगामी करीब चार वर्षों में बनकर तैयार हो सकेगी।