कोसी नदी के बंजारी प्रथम गेट काे बंद किये जाने के विरोध में खनन कारोबार से जुड़े कारोबारियों ने डीएफओ का घेराव किया। घेराव करते हुए डीएफओ ने खनन गेट पर खनन शुरू करने की मांग की है। शनिवार को खनन कारोबार से जुड़े दर्जनों लोगों ने पूर्व ब्लाक प्रमुख संजय नेगी के नेतृत्व में तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य घेराव किया। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने बताया कि कोसी नदी के बंजारी प्रथम गेट वन विभाग की ओर से 8 मई को बंद कर दिया गया है। जिससे इस गेट में पंजीकृत ट्रांसपोर्टर एवं खनन कारोबारियों के आगे रोजी-रोटी का संकट गहराने लगा है। खनन कारोबार से जुड़े लोगों ने यह भी कहा कि उनको किसी दूसरे गेट पर पंजीकृत कर दिया जाए दिया। डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि बंजारी गेट के आसपास लगातार अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई थी। जिसके बाद अवैध खनन रोकने को लेकर इस गेट को बंद किया गया था। इस मामले में 19 मई को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी, इसके बाद कोई निर्णय लिया जाएगा। वर्तमान में खनन सत्र समाप्त होने की ओर है उन्होंने बताया कि नदी में करीब 42000 घन मीटर खनन अभी और होना है। इन सभी मामलों पर हाईकोर्ट से निर्णय होने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।